जनसुनवाई: 74 आवेदकों की समस्याओं को अपर कलेक्टर ने सुना
सतना/ साहब! हम मरवा बिरसिंहपुर निवासी हैं। हमारा नाम राजा भइया द्विवेदी है। गांव में सड़क बननी है लेकिन लोगों ने इसकी जमीन पर अपने चबूतरे बना रखे हैं। इसलिए सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा। कृपया उचित कार्रवाई की जाए। यह नजारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला स्तरीय जनसुनवाई में रहा। कलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर आईजे खलखो लोगों के आवेदन पर समस्याओं का निराकरण कर रहे थे। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
सोहावल निवासी अशगर अली ने जमीन विवाद, कोठी निवासी आशीष यादव ने सूचना के अधिकार के तहत खेल विभाग से जानकारी नहीं मिलने, बिहरा क्रमांक-1 निवासी रावेन्द्र कुमार विश्वकर्मा ने 2010 से 2014 तक खिलाडिय़ों को नगद राशि तथा प्रमाण-पत्र नहीं दिए जाने, तेलनी बिरसिंहपुर निवासी रामप्रकाश शर्मा ने सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने का आवेदन दिया। इस तरह से 74 आवेदकों ने अलग-अलग अपनी समस्याओं का आवेदन अपर कलेक्टर को दिया। जिसके आधार पर अपर कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के आवश्यक निर्देश देते गए।
इस तरह की सामने आई समस्याएं
मैहर तहसील की बदेरा निवासी दुलरियाबाई रजक ने मकान पर कब्जा दिलाने, डेंहुट जैतवारा निवासी चूडामणि त्रिपाठी ने भूमि का कब्जा दिलाने, मनीष दहायत उचेहरा ने जाति प्रमाण-पत्र बनाने, नैना मौहार निवासी दिव्यांग प्रभा वर्मा ने ई-रिक्शा दिलाने, पप्पू साकेत ने दिव्यांग पुत्र अमित साकेत को खाद्यान सामग्री के लिये पात्रता पर्ची दिलाने, पोड़ी पिथौराबाद निवासी बलीराम कुशवाहा एवं धवारी सतना निवासी रामस्वरूप लखेरा ने ई-रिक्शा दिलाने तथा सोहावल निवासी आशा कोटवार ने वृद्धावस्था पेंशन राशि दिलाने की मांग की। इसी प्रकार तहसील सभागार में एसडीएम रघुराजनगर पीएस त्रिपाठी ने तहसील के आवेदकों की समस्याओं के आवेदन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।