
सतना। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने मैहर जन जागरण सभा में शिवराज सरकार पर जमकर प्रहार किए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, मैहर की महान भूमि में मैं मां शारदा को नमन करता हूं। 20 साल पहले आम चुनावों में मैहर आया था। उस समय जवानी का दौर था। यहां आकर मुझे अपनी जवानी याद आती है। तब भी कांग्रेस की सरकार बनी थी और अब तो कांग्रेस की सरकार बनना तय। हमारी सरकार बनते ही सबसे पहली प्राथमिकता मैहर की होगी। मैहर को तुरंत जिला बनाया जाएगा।
कहा, प्रदेश में हर वर्ग परेशान है और शिवराज आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। खर्चा किसका है, भीड़ तो कर्मचारी लाते हैं। पंडाल और तामझाम सरकारी खर्चे से होता है। ये कितनी बड़ी लूट है। मैं ये आरोप लगाता हूं कि प्रदेश की संपत्ति लूट रहे हैं। कभी कहते हैं बीमा बांटने जा रहा हूं, भाई बीमा तो कंपनी बंटती है। बच्चा किसी के घर में होता है और मिठाई ये बांटते है। प्रदेश की संपत्ति को सहेजना बचाना चाहिए लेकिन लूट मचा रखी है। इनकी कलाकारी की राजनीति को समझना होगा।
मोदी को भी लिया आड़े हाथ
कमलनाथ ने कहा कि, मोदी बड़ी-बड़ी बातें करते थे। आज बताएं कितने करोड़ लोगों को रोजगार दिया। मोदी राष्ट्रवाद का पाठ किसे पढ़ा रहे हैं। मैं पूछता हूं मोदी एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का नाम अपनी पार्टी से बता दें। शिवराज बड़ी बात करते हैं किसान रो रहा है। चुनाव के पहले अगर आप बिजली बिल माफ कर रहे हैं तो चार साल तक जो वसूला वो भी वापस करो। प्रदेश की जनता भोली है लेकिन समझदार है अगर उसे ठगा जाता है तो वो समझती भी है। नौजवानों के भविष्य बड़ी चुनौती है। कृषि तो चुनौती है ही हम उसे लाभ का धंधा तो बनाएंगे ही।
शिवराज ने किया किसानों का अपमान
शिवराज ने प्रदेश के किसानों का बहुत अपमान किया है। ये चित्र हमारे सामने है ही। नौजवानों में तड़प है। आज का नौजवान कोई ठेका, कमीशन नहीं बल्कि अपने हाथों को काम चाहता है। शिवराज इन्वेस्टमेंट समिट के नाम पर सम्मेलन करते हैं नए निवेश की घोषणा करते हैं लेकिन वाह रे शिवराज जितने उद्योग लगते नहीं उससे ज्यादा बंद हो जाते हैं। कांग्रेस की सरकार में फैक्ट्री वहीं लगेगी जहां रोजगार के अवसर मिले। रोजगार हमारा मापदंड रहेगा। तभी नौजवानों के भविष्य सुरक्षित रहेगा। तस्वीर आपके सामने है। आप सच्चाई समझिए उसका साथ दीजिए।
कांग्रेस जी की योजनाओं में अपनी फोटो लगा लिए
कहा, यूपीए सरकार के समय पर बनी सोनिया जी की योजनाओं में अपनी फोटो लगा ली है। मप्र भ्रष्टाचार, किसानों की आत्महत्या, महिला अत्याचारों, कुपोषण में नंबर-वन हो चुका है। अब बेरोजगारी में नंबर वन बनाने वाले है। महंगाई का यहां कोई अंत नहीं, पेट्रोल डीजल सबसे महंगा मप्र में है। गंगा, नर्मदा तो साफ हुई नहीं बैंक साफ हो गए। पौधे लगा रहे थें हमने देखा तो पेड़ नहीं रेत जरूर नजर आई। इन्होंने सिर्फ नर्मदा ही नहीं पूरे प्रदेश की नदियों में रेत का माफिया पैदा कर दिए है। हम व्यवस्था में परिवर्तन करेंगे। इन्होंने भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनाई है, हम उसे बदलेंगे, हमारे दृष्टिकोण में नौजवान, किसान, महिलाएं होंगी। आप ने साथ दिया तो चार महीने में मप्र में कांग्रेस का झंडा लहराएगा।