सतना

बॉडी पॉश्चर को सही रखें,कई बीमारियों से मिल जाएगा छुटकारा

युवाओं में गलत बॉडी पॉश्चर के चलते कई तरह की प्रॉब्लम

2 min read
Aug 19, 2018
बॉडी पॉश्चर को सही रखें,कई बीमारियों से मिल जाएगा छुटकारा

सतना. उठने, बैठने, चलन, सोने का गलत पॉश्चर आपको कई तरह की बीमारियां दे सकता है। इसलिए हर हाल में अपने पॉश्चर का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। शहर के डॉक्टरों का कहना है कि इस समय युवाओं में गलत बॉडी पॉश्चर के चलते कई तरह की प्राब्लम देखने को मिल रही है। कई बार आपके शरीर में दर्द होता है या कोई अन्य परेशानी होती है। आप जांच भी कराते हैं पर उसमें किसी तरह की बीमारी का पता नहीं चलता। या फि र डॉक्टर की तमाम दवा देने के बाद भी आराम नहीं मिलता है। ऐसा इसलिए भी हो सकता है कि आपको कोई बीमारी हो ही न। बल्कि आपकी सारी परेशानी की वजह आपका गलत बॉडी पॉश्चर हो। जी हां, गलत बॉडी पोजिशन से आपके शरीर में दर्द, ब्लड सर्कुलेशन व मांसपेशियों की समस्याओं और कुछ रोगों का खतरा रहता है। अगर आप अपना बॉडी पॉश्चर ठीक रखते हैं तो कई तरह की बीमारियों से बच सकते हैं।

तनाव व सिरदर्द से छुटकारा
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हरि अग्रवाल कहते हैं, हमारे उठने-बैठने के तरीके का हमारे शरीर व दिमाग पर असर पड़ता है। अगर हमारा बॉडी पॉश्चर सही है तो दिमाग में ऑक्सीजन का प्रवाह ठीक से होता है और दिमाग देर तक बिना थके हुए अच्छी तरह काम कर सकता है। गलत बॉडी पॉश्चर जहां आपके आलस-थकान का कारण बनता है तो सही बॉडी पॉश्चर से आपका शरीर ज्यादा देर तक ऊर्जावान बना रहता है। सही पॉश्चर रखने से तनाव व सिर दर्द जैसी रोजमर्रा की परेशानियां नहीं होती हैं। वैसे भी सही बॉडी पॉश्चर अच्छे आत्मविश्वास की निशानी है।

इन बातों का ध्यान रखना जरूरी

इस तरह खड़े हों:कई बार इंतजार में या किसी अन्य उद्देश्य से आपको कुछ समय तक खड़े रहना पड़ता है। ऐसे में कुछ लोग खड़े होते समय आगे की तरफ झुके हुए होते हैं या गर्दन को एक तरफ झुका कर खड़े होते हैं। ऐसी पोजिशन रखने से आपकी रीढ़ की हड्डी या गर्दन में दर्द हो सकता है। खड़े होने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आपकी कमर गर्दन सीधी हो और दोनों तलवे पर एक सामान भार पड़ रहा हो। इससे पैरों की किसी खास मांसपेशी पर ज्यादा जोर नहीं पड़ता और आप जल्दी थकते नहीं हैं।

वजन उठाते समय
अगर आपको जमीन से कोई वजनदार चीज उठानी है तो सिर्फ कमर को झुकाकर उठाने से आपको वजन उठाने में परेशानी होगी और इससे कमर की मांसपेशियों में खिंचाव हो सकता है। इसलिए भारी चीजों को उठाने के लिए कमर के साथ घुटनों को भी थोड़ा मोड़ लेना चाहिए। इसके अलावा अगर सामान ज्यादा भारी है तो इसे दो भागों में उठाएं। यानी सीधे जमीन से कंधे की ऊंचाई तक उठाने के वजाय पहले इसे किसी स्टूल, टेबल या कुर्सी पर रखिए और फिर उठाएं।

सोते वक्त भी रखें सावधानी

पीठ के बल सोना सोने की सबसे आदर्श स्थिति है इसे सोल्जर स्लीपिंग पोजीशन भी कहा जाता है। एक्सपर्ट इस पोजीशन में सोने की सलाह देते हैं। इससे आपकी रीढ़ की हड्डी सीधी रहती है और पेट में अनावश्यक एसिड नहीं बनता है।

बैठने का सही तरीका
ज्यादातर लोग गलत तरीके से बैठते हैं अगर ऐसे लोगों को नौकरी या किसी दूसरी वजह से रोज देर तक बैठना पड़े तो गलत बॉडी पॉश्चर के कारण इन्हें बुढ़ापे में कई तरह की शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। याद रहे कुर्सी पर बैठते समय अपने दोनों पैरों को जमीन को पूरी तरह से छूने दें। उन्हें लटका कर न बैठे। इसके अलावा आगे की तरफ झुक कर न बैठें, बल्कि कमर को सीधा रखते हुए बैठें। कंप्यूटर पर काम करते हुए कीबोर्ड को अपनी नाभि की ऊंचाई तक रखें।

Published on:
19 Aug 2018 10:47 pm
Also Read
View All