मां शारदा धाम: पंचमी पर पहुंचे दो लाख दर्शनार्थी

सीढ़ी और रोपवे में धक्का-मुक्की के बीच डटे रहे श्रद्धालु, स्वास्थ्य व सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

less than 1 minute read
Oct 18, 2015
satna news
satna news
सतना/मैहर

शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन दो लाख श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए। रेलवे स्टेशन से मंदिर तक काफिले दिखे। दर्शन का सिलसिला देररात तक रहा। रोपवे, मंदिर डेवढ़ी, लालगेट, फव्वारा, ऊपरी तल, गर्भगृह के अलावा सीढ़ी पर सशस्त्र बल के जवान तैनात रहे। भीड़ को देखते हुए अपरान्ह के समय मात्र आधे घंटे आरती और सफाई के लिए पट बंद रहे। तुरंत बाद दर्शन-पूजन का मौका दिया गया। श्रद्धालु धक्का-मुक्की के बीच डटे रहे।


थकान व जोड़ों का दर्द

अधिकांश श्रद्धालुओं में थकान और जोड़ों की दर्द की शिकायत है। प्राथमिक उपचार केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कमचारी का मानना है कि ऊंचाई पर चढ़ाई की वजह से यह समस्या आम है। हृदय और शुगर रोगियों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। व्रत के दौरान औषधियों का सेवन न छोड़ें। आधे दर्जन रोगी बेहोशी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं का इलाज हो चुका है। 50 फीसदी को जोड़ों में दर्द की शिकायत रही। बाकी के 30 फीसदी मौसमी बुखार, सर्दी-जुकाम,15 फीसदी में उल्टी-दस्त की शिकायत रही।


पानी की मारामारी

श्रद्धालुओं को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। पुलिस चौकी से लेकर मंदिर डेवढ़ी तक नल नहीं है। यही हाल सीढ़ी में है। बैरीकेट्स के बीच फंसे श्रद्धालुओं को पानी नहीं मिल रहा है। आधा दर्जन नल शो-पीस बने हैं। दान में प्राप्त 6 वाटर कूलर भी नहीं लगे।

Published on:
18 Oct 2015 01:22 pm