
dacoit kalli gurjar video challenge, डकैत कल्ली गुर्जर की फाइल फोटो (Source-Patrika)
Morena Dacoit Kalli Gurjar: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर का एक और वीडियो सामने आया है। इस बार डकैत कल्ली गुर्जर ने वीडियो बनाकर अपने विरोधियों को चैलेंज दिया है। वीडियो में कल्ली गुर्जर मुरैना के महेश्वरा मंदिर के सामने खड़ा दिखाई दे रहा है और कह रहा है कि मैं मंदिर पर आ गया हूं, दम है तो आकर मिल लो। बता दें कि कल्ली गुर्जर पर पुलिस ने 60 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उसकी खोज में 200 जवान मुरैना, ग्वालियर और राजस्थान में जंगल और बीहड़ छान रहे हैं।
जो वीडियो सामने आया है उसमें डकैत कल्ली गुर्जर अपने विरोधी करुआ गुर्जर को फोन कर ललकार रहा है। वीडियो में कल्ली गुर्जर कह रहा है कि मैं मुरैना के महेश्वरा मंदिर पर आ गया हूं, दम है तो आ जाओ मिलने। बता दें कि दो दिन पहले डकैत कल्ली गुर्जर के विरोधी करुआ गुर्जर ने वीडियो जारी कर कल्ली गुर्जर को महेश्वरा मंदिर पर मिलने की चुनौती दी थी। इसके बाद बुधवार को कल्ली गुर्जर मंदिर पहुंचा और वीडियो रिकॉर्ड कर करुआ गुर्जर को भेजा है।
डकैत कल्ली गुर्जर और उसके विरोधी करुआ गुर्जर के बीच लगातार सोशल मीडिया पर खुल्लम-खुल्लम चैलेंज दिए जा रहे हैं। पहले करुआ गुर्जर ने वीडियो जारी कर डकैत कल्ली गुर्जर और उसके परिवारवालों के लिए अपशब्द कहे थे। इसके बाद चार दिन में चार वीडियो कल्ली गुर्जर की ओर से जारी किए जा चुके हैं। जिनमें कल्ली गुर्जर करुआ गुर्जर को ललकारते हुए मिलने के लिए बुला रहा है।
हैरानी की बात ये है कि 60 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को पकड़ने के लिए एक तरफ 200 जवान बीहड़ों और जंगलों में मुरैना, ग्वालियर और राजस्थान में सर्चिंग कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कल्ली गुर्जर खुलेआम वीडियो जारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि कल्ली गुर्जर लगातार राजस्थान से चंबल पार कर मुरैना और ग्वालियर जिले की सीमाओं में मूवमेंट कर रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर पुलिस का कहना है कि जो वीडियो सामने आया है उसकी जांच की जा रही है और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस जल्द ही डकैत कल्ली गुर्जर को गिरफ्तार करने की बात भी कह रही है।
Updated on:
15 Oct 2026 04:21 pm
Published on:
15 Oct 2026 03:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
