सतना

महाराणा प्रताप जयंती पर शहर में निकली शौर्य यात्रा, महिला ब्रिगेड रही आकर्षण का केन्द्र

जिलेभर में मनाई गई जयंती: जगह-जगह हुआ स्वागत
2 min read
Jun 17, 2018
Maharana Pratap Jayanti news in hindi
Maharana Pratap Jayanti news in hindi

सतना। महाराणा प्रताप जयंती जिलेभर में धूमधाम के साथ मनाई गई। राजपूत संगठन ने नागौद, कोठी, मैहर, उचेहरा, रामपुर बाघेलान सहित पूरे जिले में कार्यक्रम आयोजित किया। रॉयल राजपूत संगठन के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में सतना में शौर्य यात्रा निकाली गई। जो पूरे शहर का भ्रमण करते हुए उमरी में समाप्त हुई। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इसमें रॉयल राजपूत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह भी शामिल रहे।

सबसे पहले संगठन के पदाधिकारी महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। वहां पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर साफा बांधा गया। इसके बाद रीवा राजा पुष्पराज सिंह, पूर्व महापौर पुष्कर सिंह तोमर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधीर सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इसमें रॉयल राजपूत संगठन की विभिन्न इकाइयां शामिल हुईं। शौर्य यात्रा महाराणा प्रताप चौक से निकल कर सेमरिया चौराहा, कृष्णनगर होते हुए पन्नीलाल चौक पहुंची। इसके बाद चौक बाजार होते हुए सिटी कोतवाली, धवारी तिराहा, जवाहरनगर, राजेन्द्र नगर, सिविल लाइन होते हुए उमरी पहुंची। वहां यात्रा का समापन हुआ।

महिला ब्रिगेड रही खास
शौर्य यात्रा में रॉयल राजपूत संगठन की महिला ब्रिगेड ने भी हिस्सा लिया। महिला शक्ति के प्रतीक के रूप में राजपूत महिलाएं शौर्ययात्रा में शामिल रहीं। आयोजन को वृहद व भव्य बनाने के लिए प्रयास किया गया। शौर्य यात्रा में शेर सिंह राणा, जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष गगनेन्द्र प्रताप सिंह, रॉयल राजपूत संगठन जिला उपाध्यक्ष मातेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह, राजदीप सिंह, राजभान सिंह, ऋषभ सिंह, राजेश सिंह गहरवार सहित कई लोग शामिल हुए।

हर कदम पर स्वागत
यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। सेमरिया चौराहा पहुंचने से पहले कौशलेंद्र सिंह व विशाल सिंह ने स्वागत किया। सेमरिया चौक पर रत्नाकर चतुर्वेदी ने स्वागत किया। इसके अलावा बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी स्वागत किया। कांग्रेस नेत्री उर्मिला त्रिपाठी ने भी रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया। कुर्मवंशी समाज द्वारा रैली में शामिल लोगों को मीठा पानी पिलाया गया।

Published on:
17 Jun 2018 01:49 pm