
सतना। नगर निगम के नवागत निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। इसके बाद वे सीधे शहर के भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने जल भराव वाले इलाकों को निरीक्षण किया और शहर के कई क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण से लौटने के बाद उन्होंने निगम के अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने कहा कि शहर में पहुंचते ही मेरा स्वागत सड़क के गड्ढों से हुआ है। यहां की सड़कों के हालात काफी खराब हैं। सड़कों के कामकाज को लेकर उन्होंने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि सबको मिलकर टीम भावना के साथ शहर में सभी आवश्यक सुधार करने होंगे। शहर में निगम की जो निगेटिविटी है उसे काम के जरिए खत्म करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर भी सख्त संदेश दिए। कहा कि मुझे नगर निगम में जीरो करप्शन चाहिए। अगर ऐसा कोई भी मामला मेरे सामने आता है तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुझे पता है कि काम कैसे करवाना है और किससे करवाना है। लिहाजा इसे लेकर किसी भी तरह की सिफारिश मुझ तक नहीं आना चाहिए। योग्यता और क्षमता के अनुसार लोगों को काम दिए जाएंगे। अगर इसमें किसी की सिफारिश आई तो वह अधिकारी मेरे टारगेट में रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां के वर्क कल्चर में किसी भी तरह की कास्टिज्म नहीं होनी चाहिए। हमे लोगों के काम से मतलब रखना है। सीखने के लिए किसी प्यून से भी हम सीखेंगे। जो अधिकारी कर्मचारी टेक्नोफ्रेंडली नहीं हैं तो सीखें और आपरेटर्स से काम लें। काम का मैप प्रस्तुत समय पर करें। उन्होंने यहां बनाए गए साइकिल ट्रेक पर भी चुटकी ली। कहा कि यह संरचना काफी फेमस और चर्चित है। इसमें बाजार लगता है, दुकानदार अपनी दुकानें सजाते हैं, ट्रैक्टर खड़े करते हैं। इन सब को दूर करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को अपने काम पर फोकस करने की सलाह देते हुए कहा कि यहां किसी भी तरह कि इंटरनल पॉलिटिक्स कार्यस्थल में नहीं चाहिए न ही किसी का फेवर करने की बात सामने आए। सभी लोग अपने हिस्से का काम पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कुशलता पूर्वक समय सीमा में करें। कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों से पूरे समन्वय के साथ काम करें और उनका पूरा सम्मान करें। काम की कही से भी सूचना मिले तो उसे समय सीमा में किया जाए।
उन्होंने कहा कि यहां की जलकर वसूली काफी कम है। इसके अलावा टैक्स वसूली की स्थिति भी सही नहीं है। अन्य निगमों से तुलना करके इसके बढ़ाने पर फोकस करना होगा। जिससे निगम के अन्य कामों के लिए पूंजी भी इक्कठा होगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद निगमायुक्त गौड़ा ने महापौर योगेश ताम्रकार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की समस्याएं और प्राथमिकताएं समझी। इसके बाद निगम परिसर में स्थापित विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
Updated on:
01 Sept 2026 08:24 am
Published on:
01 Sept 2026 08:23 am
