सतना

घर बनाना हुआ महंगा: दो माह में 20 फीसदी बढ़ गए मैटेरियल के भाव, जनता की जेब हो रही ढीली

रेत 40 हजार रुपए प्रति ट्रक, सरिया 5300 रुपए क्विंटल, ईंट के दाम 1500 रुपए बढ़ गए

2 min read
Jun 16, 2018
making a house in the june-july is expensive
making a house in the june-july is expensive

सतना। अगर आप घर बनाना चाहते हैं तो हिम्मत जुटाने के साथ-साथ एक बार जेब को मजबूत कर लीजिए। वर्तमान में घर बनाते हैं तो लागत में 15-20 फीसदी की बढ़ोतरी आ सकती है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण रेत, सीमेंट, ईंट और सरिया की कीमत में तेजी से वृद्धि होना है। 25 हजार रुपए प्रति ट्रक बिकने वाली रेत के भाव 40 हजार पहुंच चुके हैं। ईंट, गिट्टी की कीमत में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
दूसरी ओर अगर आशियाना खरीदना चाहते हैं तो भी आपको जेब पर नजर डालनी होगी।

भवन निर्माण सामग्री से जुड़े कारोबारियों का कहना है, भवन निर्माण सामग्री के मार्केट में तेजी आई है। पिछले कुछ महीनों से भाव में तेजी देखने को मिल रही है। बिल्डर कहते हैं कि मार्केट की रफ्तार सुस्त पड़ी है। आम लोगों ने भी मकान निर्माण का काम कम कर दिया। शासकीय कार्य और बड़े-बड़े बिल्डरों के काम जैसे थम गए हैं। वहीं सीमेंट, सरिया व ईंट के भाव बढऩे से स्थिति ज्यादा खराब हो गई है।

सरिया में तेजी से उछाल
सबसे तेज भाव सरिया के भागे हैं। 6 माह पूर्व तक सरिया 38.10 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिकती थी। अचानक भाव 42.00 हजार रुपए क्विंटल, फिर 45.00 हजार रुपए पहुंच गए। अब यह भाव 53.00 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है।

10 लाख में 2 लाख की चपत
मान लीजिए कि आप 1000 वर्ग फीट जमीन में मकान बना रहे हैं। तीन महीने पहले की स्थिति में आपको अगर 10 लाख रुपए खर्च करने पड़ते, तो अब 11.50 लाख से लेकर 12 लाख तक खर्च करना पड़ सकता है। लागत बढऩे का कारण है कि मकान निर्माण में सीमेंट और सरिया ही प्रमुख होता और ये महंगे होंगे तो लागत भी बढ़ेगी।

सीमेंट के बढ़े दाम
सीमेंट की कीमत भी तेजी से बढ़ी है। पहले एक बोरी सीमेंट 260-265 रुपए में मिल जाती थी। अब यह 280-290 रुपए पहुंच चुकी है। माना जा रहा कि जल्द ये आंकड़ा 300 के पार चला जाएगा। इसको लेकर कंपनियों ने चर्चा भी शुरू की है। लेकिन, निर्णय नहीं हो सका है।

रेत (प्रति ट्रक)
- पुराना भाव 25 हजार
- नया भाव 40 हजार

सीमेंट (प्रति बोरी)
- पुराना भाव (रुपए) 260-265
- नया भाव (रुपए) 280-290

सरिया (क्विंटल)
- पहले 42.00 हजार
- अब 53.00 हजार

ईंट (प्रति ट्रैक्टर)
- पहले 5500 रुपए
- अब 6500 रुपए

Published on:
16 Jun 2018 12:14 pm