सतना

इंटरव्यू कैंसिल: एमपी के सतना में दिल्ली-यूपी समेत कई जिलों से पहुंचे बेरोजगार, मची अफरा-तफरी

MP News: मध्यप्रदेश के सतना शहर में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक सीमेंट फैक्ट्री में नौकरी पाने के लिए बड़ी संख्या में बेरोजगार पहुंच गए।

2 min read
Feb 02, 2026

MP News: मध्यप्रदेश के सतना शहर के भरहुत नगर इलाके में रविवार को बेरोजगार युवकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सीमेंट कंपनी में नौकरी की आस लेकर पहुंचे बेरोजगार युवाओं का हुजूम ऐसा उमड़ा कि पूरा इलाका जाम में तब्दील हो गया। हालात इतने बिगड़े कि कई युवक जान जोखिम में डालकर कार्यालय की बाउंड्री और छतों पर चढ़ गए। करीब चार से पांच घंटे तक भरहुत नगर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दिल्ली-यूपी समेत कई जिलों के बेरोजगार पहुंचे

दरअसल, सीमेंट कंपनी द्वारा हाल ही में जारी विज्ञापन के तहत 1 फरवरी को भरहुत नगर स्थित कार्यालय में सीधी भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाने थे। इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियर, मशीन ऑपरेटर सहित कई पदों के लिए युवाओं को बायोडाटा और जरूरी दस्तावेजों के साथ बुलाया गया था, लेकिन कंपनी के अनुमान से कई गुना अधिक करीब एक हजार से ज्यादा युवक सतना ही नहीं, बल्कि लखनऊ, प्रयागराज, सागर, दिल्ली, कटनी, मैहर और पन्ना जैसे कई जगहों से भी यहां पहुंच गए।

वाहनों की लंबी कतारें लगी

सुबह से ही कार्यालय परिसर और आसपास की गलियों में युवाओं की भीड़ जमा होने लगी। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। कार्यालय के बाहर सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, गलियां पूरी तरह जाम हो गई और स्थानीय रहवासियों को किसी बड़े बवाल की आशंका सताने लगी।

बिगड़ती स्थिति पुलिस ने संभाली

स्थिति बिगड़ती देख कार्यालय का दरवाजा बंद कर लिया, जिससे युवाओं में आक्रोश फैल गया। कुछ युवक बाउंड्रीवॉल पर चढ़ गए, तो कुछ ने बगल की इमारत का सहारा लेकर कार्यालय की छत तक पहुंचने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कंपनी अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि ज्यादा भीड़ पहुंचने के कारण व्यवस्था बिगड़ गई और इंटरव्यू नहीं हो सका।

पुलिस ने कंपनी प्रबंधन को फटकार लगाई। कहा कि जब उपयुक्त स्थान, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था नहीं थी, तो रिहायशी कॉलोनी में इंटरव्यू आयोजित क्यों किया गया। बाद में अधिकारियों ने बताया कि साक्षात्कार का स्थान बदलकर एक निजी विश्वविद्यालय के कैंपस में कर दिया गया है। तब हालात सामान्य हो सके।

Published on:
02 Feb 2026 02:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर