mp news: डूब रही बेटी को देख मां ने पानी में लगाई छलांग, किसी तरह बेटी को सुरक्षित किनारे पहुंचाया लेकिन खुद डूब गई मां।
mp news: कहते हैं कि जब भी बच्चों पर कोई संकट आता है तो मां बच्चों की ढाल बन जाती है और अपनी जान की बाजी तक लगा देती है। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के सतना जिले से सामने आया है। जहां बेटी को जान बचाते-बचाते एक मां ने अपनी जान गंवा दी। बेटी को अपनी आंखों के सामने गहरे पानी में डूबता देख मां ने खुद पानी में छलांग लगा दी और किसी तरह से बेटी को सुरक्षित बचाकर किनारे तक पहुंचा दिया लेकिन खुद गहरे पानी में फंसकर डूब गई। घटना जिले के बठिया कला ग्राम पंचायत की है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से महिला के शव को खदान के पानी से बाहर निकलवाया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
सतना जिले के बठिया कला ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाली छुलहानी बस्ती में रहने वाली रेखा बलदार (45) अपनी बेटी छोटी बेलदार (17) के साथ शुक्रवार को हाई स्कूल के पीछे खदान के गड्ढे में भरे पानी में कपड़े धोने गई थी। दोनों खदान के किनारे बैठकर कपड़े धो रही थीं, तभी बेटी छोटी का पैर फिसल गया और गहरे पानी में पहुंच गई। बेटी को पानी में डूबता देख मां रेखा ने तुरंत खदान के पानी में छलांग लगा दी। मां रेखा बेटी छोटी को किसी तरह से मौत के मुंह से निकालकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचा लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
खदान पर हादसे का पता लगते ही गांव में हड़कंप मच गया और खदान पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर तुरंत बाबूपुर चौकी से पुलिसकर्मी और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला रेखा बेलदार के शव को खदान से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बेटी को बचाते-बचाते मां के खुद काल के गाल में समा जाने की इस घटना से गांव में मातम का माहौल है और मृतका रेखा की बेटियों व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।