संघर्ष समिति के सदस्यों ने संकल्प सभा की तैयारियों का लिया जायजा
सतना. जिले में मेडिकल कॉलेज की घोषणा पर अमल नहीं हो पाया। इसकेे विपरीत प्रशासन द्वारा आवंटित जमीन पर अवैध कब्जा होने लगा है। रसूखदार अवैध खनन कर रहे हैं। यह खुलासा संघर्ष समिति सदस्यों द्वारा आवंटित जमीन पर संकल्प सभा को लेकर की जा रही तैयारियों के दौरान हुआ। जमीन से कब्जा हटाने और अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। दरअसल, मेडिकल कॉलेज संघर्ष समिति के सदस्यों ने मेडिकल कॉलेज के लिए सेंट्रल जेल के पास आरक्षित जमीन में 24 फरवरी को दोपहर 12 बजे होने वाली संकल्प सभा की तैयारियों का जायजा लिया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि आवंटित जमीन पर कई जगह कब्जा कर लिया गया है। इसके अलावा रसूखदारों की सह पर धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। जमीन को खोद कर कई जगह तालाब में तब्दील कर दिया गया है। कई लोगों ने अतिक्रमण कर जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर अस्थाई निर्माण कर लिया है।
50 से अधिक दुकानों में टांगी तख्तियां
संघर्ष समिति सदस्यों द्वारा सोमवार की दोपहर शहर के आधा सैकड़ा से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हमें मेडिकल कॉलेज चाहिए की तख्तियां टांगी गईं। इस दौरान संघर्ष समिति के सदस्य राजीव खरे, संजय सिंह तोमर, राजेश दुबे, अतुल सिंह परिहार, यशपाल जैन, योगेश शर्मा, अमित सिंह, राकेश सिंह परिहार, हरप्रसाद कुशवाहा, अशोक पाण्डेय, विपिन अरजरिया, अभिषेक सिंह मण्डू, प्रयास खरे, सगीर खान, मनोज सिंह राठौर, विक्रान्त त्रिपाठी, शिब्बू सिंह, पंकज कुशवाहा, संदीप केशरवानी, वीरेन्द्र सक्सेना, संजय सेन सहित कई लोग मौजूद रहे।
अवैध कब्जा हटाने की मांग
समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन से आरक्षित जमीन पर अवैध उत्खनन एवं कब्जा हटाने की मांग की है। सदस्यों ने जिले के सभी राजनीजिक दलों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारी संगठनों, समाजसेवी संगठनों, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं सहित सभी संगठनों, लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर मेडिकल कॉलेज के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बनने अनुरोध किया है।