चारों आरोपियों को रेल न्यायालय में पेश किया, अभियान में सतना की सर्वाधिक कार्रवाई
सतना. त्योहार के मौके पर रेलवे के ई-टिकट की कालाबाजारी को रोकने के मकसद से रेल सुरक्षा बल ने ऑपरेशन ठंडर चलाया था। इस एक सप्ताह के अभियान में आरपीएफ पोस्ट सतना में रविवार को फिर से कार्रवाई करते हुए चार टिकट दलालों को पकड़ा है। रीवा और सीधी में की गई कार्रवाई के बाद सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया।
जानकारी मिली है कि आरपीएफ पोस्ट प्रभारी मान सिंह के नेतृत्व में ई टिकट दलालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रविवार को दो अलग अलग टीमें रीवा और सीधी भेजी गईं। रीवा की टीम में एएसआइ एमपी मिश्रा, हवलदार रोहित पाण्डेय, आरक्षक पीजी प्रेम शामिल रहे। इस टीम ने रीवा के अतरैला जवा स्थित शुभ कम्प्यूटर में दबिश देकर आरोपी रजनीश कुमार गुप्ता पुत्र राजनारायण गुप्ता (22) को पकड़ा। दूसरी कार्रवाई जवा रीवा में ही आदित्य कम्प्यूटर में की गई। यहां से आरोपी आदित्य कुमार सिंह पुत्र राम सुमेर सिंह (36) निवासी ग्राम इटाव पोस्ट भुनगाव थाना जवा को पकड़ा गया। तीसरी कार्रवाई में नीरज कुमार माझी पुत्र राज नारायण माझी (19) निवासी ग्राम भलुहा थाना जवा को गिरफ्त में लिया। इन सभी के कब्जे से लाइव टिकट के साथ पुराने टिकट व कम्प्यूटर व लैपटॉप जब्त किए गए। सीधी भेजी गई टीम के सदस्य एसआइ हरफूल सिंह, एएसआइसुनील सिंह बघेल व आरक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा ने आरोपी आदर्श गुप्ता पुत्र गणेश प्रसाद गुप्ता (21) निवासी पटपरा तहसील चुरहट जिला-सीधी को पकड़ा। इसके पास से पर्सनल यूजर आईडी से बनाई गई रेलवे की 25 नग ई-टिकटें, जिनमें यात्रा हो चुकी है पाई गईं। जिनकी कीमत कीमत 34 हजार 552 रुपए है।
पौने चार लाख के टिकट
आरपीएफ सतना पोस्ट ने अभियान के दौरान 9 प्रकरण कायम किए हैं। इनमें 225 लाइव टिकट के साथ 3 लाख 75 हजार 280 रुपए की मत के पुराने टिकट जब्त किए हैं। जबलपुर मण्डल के जबलपुर, कटनी, सतना, मैहर, न्यू कटनी जंक्शन, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, पिपरिया के पोस्ट में हुई कार्रवाई में 28 प्रकरण रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत बनाए गए। इनमें 28 टिकट दलालों को गिरफ्तार कर डेढ़ लाख से ज्यादा की 74 लाइव टिकट व 20 लाख 34 हजार 822 रुपए कीमत के उपयोग किए हुए टिकट बरामद किए गए। मण्डल में सतना पोस्ट की 9 सर्वाधिक कार्रवाई बताई जा रही हैं।