
सतना। रेल सुरक्षा बल मैहर ने रेल इंजन से डीजल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। सोमवार को पकड़ में आए गिरोह के आठ सदस्यों के कब्जे से 600 लीटर डीजल बरामद किया गया है। निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि 5 नवंबर को दोपहर पौने 3 बजे मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष जबलपुर से सूचना मिली कि पकरिया स्टेशन पर रेल इंजन से डीजल चोरी हुआ है। खबर पाते ही टीम मौके पर रवाना हुई। इसके बाद जांच पड़ताल शुरू की गई।
निरीक्षण करने पर पाया कि ट्रिप कार्ड एवं फ्यूल गेज के मुताबिक 600 लीटर डीजल चोरी हुआ है। मौके से दो प्लास्टिक की गैलन में 50-50 लीटर कुल 100 लीटर डीजल जब्त किया गया। आसपास इलाके में स्वान दस्ता व सीआइबी स्टाफ की मदद से सर्चिंग की गई पर कोई अहम सुराग नहीं मिल सका। एेसे में अज्ञात आरोपियों के विश्रद्ध धारा ३(ए) आरपी(यूपी) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
यह आरोपी पकड़े गए
आरपीएफ ने आरोपी सुभाष उर्फ दीपू चोरिहा पुत्र कृष्णकांत (22) निवासी पकरिया, अंकुश गुप्ता पुत्र पुरुषोत्तम दास गुप्ता (21) निवासी मंडी के पीछे वार्ड नं. 4 पकरिया, जीतेन्द्र सिंह पुत्र ज्ञान सिंह ठाकुर (32) निवासी अहिरान मोहल्ला पकरिया, घनश्याम राठौर पुत्र सोनेलाल राठौर (26) निवासी शासकीय मिडिल स्कूल के पीछे पकरिया, चन्द्र कुमार उर्फ चन्दू नाई पुत्र पन्नालाल नाई (25) निवासी पकरिया, पुष्पराज उर्फ अमर तिवारी पुत्र लखन कुमार तिवारी (21) निवासी पकरिया, जगदीश उर्फ सन्तू पुत्र पुरुषोत्तम श्रीवास (28) निवासी पकरिया का गिरफ्तार किया गया। इनसे पूछताछ में पता चला कि चोरी का डीजल रहमान खान पुत्र जुम्मनखान (30) निवासी पकरिया खरीदता है। एेसे में रहमान को भी गिरफ्तार किया गया है। टीम में निरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक आरके चाहर, आउट पोस्ट झुकेही प्रभारी एसके त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक रामराज गौतम, आशीष कुमार, आरक्षक पुष्पराज सिंह शामिल रहे।