सतना

बदमाशों ने महिला यात्री की चेन खींची, चार डिब्बों में लूट

20 मिनट तक भदनपुर के आगे खड़ी रही ट्रेन

2 min read
Jun 13, 2018
rewanchal express robbery news in hindi

सतना. रेवांचल एक्सप्रेस में भदनपुर के आगे बदमाशों ने ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोकने के बाद चार डिब्बों में आतंक मचाया। कई यात्रियों के पर्स और चेन छीन कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। घटना के बाद लगभग 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। हालांकि यहां पहुंची रेल पुलिस ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन पकड़ पाने में सफल नहीं हुए। समाचार लिखे जाने तक रेल पुलिस ने कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया है।
मिली जानकारी के अनुसार रेवांचल एक्सप्रेस मैहर से निकल कर जैसे ही भदनपुर स्टेशन को पार किया तो कुछ ही दूरी पर अचानक ट्रेन खड़ी हो गई। इसके कुछ ही देर बाद ट्रेन के चार कोच में चीख पुकार मच गई। ट्रेन में यात्रियों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया कि कोई बदमाश उनके पर्स, चेन और अन्य समान ले गया। बताया गया कि बदमाशों ने ट्रेन के बाहर से खिड़की के किनारे लेटे यात्रियों के सामान निकाल कर भाग लिए। बताया गया है कि बदमाशों ने ट्रेन के कोच क्रमांक एस-1, एस-2, एस-11 और एस-12 में वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने किन यात्रियों का क्या क्या समान निकाला है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। जीआरपी ने कटनी में इस संबंध में विस्तृत जानकारी लेने की बात कही है।
जीआरपी ने बदमाशों का किया पीछा
बताया गया है कि जैसे ही ट्रेन रुकने के साथ डिब्बों में हल्ला शुरू हुआ तो ट्रेन में चल रहे जीआरपी कर्मी वहां पहुंचे और कुछ दूर तक बदमाशों को खोजने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं रहे। बताया गया है कि जीआरपी कर्मियों के पास सर्च लाइट भी नहीं थी।
मंगलसूत्र छीन भागे
रेवांचल के कोच क्रमांक एस-11 की बर्थ 12 में यात्रा कर रही श्यामा त्रिपाठी ने बताया कि वे अपनी सीट पर लेटी हुईं थी। तभी भदनपुर के आगे अचानक ट्रेन रूकी। इसी दौरान खिड़की से एक बदमाश ने हाथ डाल कर उनकी चेन खींची। हालांकि इस दौरान तक उन्होंने भी चेन छुड़ाने का प्रयास किया। जिससे चेन टूट गई और बदमाश आधी चेन लेकर भागने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि एक अन्य कोच में किसी यात्री का पर्स भी बदमाश ले कर भागे हैं। अंधेरे के कारण बदमाशों की संख्या पता नहीं चल सकी है।
संवेदनशील होता जा रहा क्षेत्र
लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही है। यह जीआरपी और आरपीएफ की लापरवाही का सबूत है। इसी कारण यहां अक्सर इस तरह की वारदात हो रही हैं। हालांकि रेल यात्रियों ने बताया कि कटनी के पहले तक उनकी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

Published on:
13 Jun 2018 01:27 pm
Also Read
View All