
सतना। नगर निगम वार्ड क्रमांक-10 और रनेही पंचायत में शांति पूर्ण मतदान चल रहा है। दोनों केन्द्रों में मतदान शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे से चालू हो गया था जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। मतदाताओं में अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए खासा उत्साह देखा जा रहा है। सब बारी-बारी से मतदान कर रहे है। बारिश के बाद भी लोगों में चुनाव के प्रति उमंग देखा जा रहा है। निष्पक्ष चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने पर्याप्त बल मतदान केन्द्रों में लगाया गया है।
गुरुवार को 11 बजे तक सभी मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ केन्द्रों के लिए रवाना करवा दिया गया। मतदान सामग्री वितरण के दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी साधना परस्ते मौजूद रहीं। मैदान में दो प्रत्याशी होने से कांग्रेस और भाजपा में सीधी टक्कर मानी जा रही है। कांग्रेस से धीरेन्द्र सिंह और भाजपा से गया कुशवाहा प्रत्याशी हैं।
इधर, रनेही पंचायत में सरपंच पद का चुनाव
रनेही में उपचुनाव के लिए मतदान कराया जा रहा है। यहां राज्य निर्वाचन आयोग की मशीनों से मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से तीन बजे तक नियत किया गया है। मतदान उपरांत इवीएम और मतदान सामग्री उपखंड कार्यालय सोहावल स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्ट्रांग रूम में जमा होगी। मतगणना 7 अगस्त को होगी।
मॉक पोल से शुरुआत
मतदान के एक घंटे पहले इवीएम का मॉक पोल किया जाएगा। इस दौरान राजनीतिक दलों के मतदान एजेंटों सहित आम मतदाताओं के सामने फाल्स वोटिंग करा कर इवीएम का परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद इस डाटा को इरेज करके मतदान प्रारंभ कराया जाएगा। यहां मतदान के लिए 5 मशीनों को रिजर्व में रखा गया है। कहीं मशीन खराब होने की शिकायत पर तत्काल मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
व्यंकट 2 में जमा होगी मतदान सामग्री
मतदान उपरांत इवीएम मशीनों को सील करके मतदान दल व्यंकट 2 स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करेंगे। साथ ही यहीं मतदान सामग्री की वापसी सहित पीठासीन अधिकारियों की डायरी जमा होगी। हर दो घंटे में मतदान का प्रतिशत कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में दिया जाएगा। मतगणना 7 अगस्त को होगी।