सतना

ठेले वाले ने ग्राहक को मारी लात, सड़क पर गिरते ही ट्रक के नीचे आया सर, फिर बेकाबू भीड़ ने किया ये सब

दुकानदार के धक्के से ट्रक के नीचे आया युवक, मौत, आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, परिजनों ने शव रखकर जाम किया एनएच
2 min read
• •
Updated: 4 Aug 2018, 11:39 AM IST
satna youth killed by came down under truck
satna youth killed by came down under truck

सतना। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटाकर दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति ने विवाद करते हुए साइकिल सवार को धक्का मार दिया। धक्का लगते ही साइकिल सवार सड़क की ओर गिरा और पीछे से आए ट्रक ने उसे रौंद दिया। शुक्रवार की दोपहर हुए इस हादसे की खबर पाते ही मृतक के परिजन अमरपाटन पहुंचे। भड़की भीड़ ने अस्पताल से शव लाकर सड़क पर रखा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस बीच कुछ लोगों ने आरोपी की दुकान में तोडफ़ोड़ करते हुए आक्रोश जाहिर किया। किसी तरह पुलिस ने माहौल को संभाला और आरोपी की तलाश में पुलिस बल रवाना किया।

ये है मामला
सूत्रों के अनुसार, नादन थाना क्षेत्र के गांव छोअी जरियारी निवासी रजनीश पटेल पुत्र हीरालाल (24) साइकिल से अमरपाटन का बाजार करने गया था। सड़क किनारे बेल्ट चश्मा की दुकान लगाने वाले अजय ताम्रकार से वह मोलभाव कर रहा था। तभी विवाद करते हुए अजय ने उसकी साइकिल में लात मारी तो डगमगा कर रजनीश साइकिल सहित सड़क पर गिर गया। इसी दौरान रीवा की ओर से जा रहे ट्रक एमएच 40 एके 3144 की चपेट में आने से रजनीश की मौत हो गई।

अस्पताल से उठा लाए शव
आनन-फानन स्थानीय लोगों की मदद से रजनीश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि कर दी। मृतक के परिजन जब अमरपाटन पहुंचे तो वह अस्पताल से शव लेकर घटना स्थल आ गए। जहां सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की गई। टीआई अजय सिंह पंवार के समझाने पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने। एेसे में एसडीओपी अरविंद तिवारी को पहुंचना पड़ा। जब सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिला तो करीब दो घंटे बाद सड़क का जाम खुला और फिर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

आरोपी की तलाश में दबिश
टीआई पंवार ने बताया कि आरोपी अजय ताम्रकार के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत गैर इरादतन हत्या का अपराध कायम किया गया है। आरोपी मौके से भाग गया था। उसकी तलाश में पुलिस पार्टी रवाना की गई है। इसके साथ ही मृतक का शव उसके गृह ग्राम भेज दिया गया है।

बाइक सवार की मौत
इधर, कोठी थाना अंतग्रत लोकेश कुशवाहा पुत्र राम लखन कुशवाहा (25) निवासी मनकहरी मवेशी से टकरा कर जख्मी हो गया था। गुरुवार की रात लोकेश को जिला अस्पताल दाखिल कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। इसी तरह सिविल लाइन थाना अंतर्गत पतेरी के पास सड़क दुघर्टना में घायल हुए दीपचंद लोनी पुत्र राजा भैय्या (30) निवासी उजनेही नागौद की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Published on: