सतना

1500 रुपए में एसी-2 की सीट, 400 में शराब पीने की अनुमति

ट्विटर पर शिकायत के बाद डीआरएम दिए जांच के आदेश
2 min read
• •
Updated: 20 Jun 2018, 9:08 PM IST
indian railway news
indian railway news

सतना. अगर आप रेवांचल एक्सप्रेस में सतना से भोपाल या भोपाल से सतना के लिए एसी कोच में सफर करना चाहते हैं और आपके पास जनरल टिकट है तो घबराने की जरूरत नहीं। कोच के अंदर ही सीटों का सौदा होता है। बस आपकी जेब में रुपए होने चाहिए। 1500 रुपए में एसी की सीट और 250 से 400 रुपए में शराब पीने की अनुमति मिल जाएगी। यह खुलासा रेवांचल में सफर करने वाले यात्री के स्टिंग से हुआ। यात्री रविवार को भोपाल से सतना आ रहा था। स्टिंग का वीडियो डीआरएम को ट्वीट भी किया गया। इसके बाद जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
नाम न छापने की शर्त पर यात्री ने स्टिंग का वीडियो उपलब्ध कराते हुए बताया कि सतना से वह और उसके मित्र भोपाल जा रहे थे। सामान्य टिकट थी। टीसी प्रभु प्रकाश मीणा से एसी कोच के लिए बात की गई। मैहर के बाद उन्होंने 1500 रुपए लिए और सीट उपलब्ध करवा दी। इसकी कोई रसीद या टिकट नहीं दी गई। रविवार 17 जून को लौटना हुआ। इस दौरान 7-8 लोग थे। सभी के पास जनरल टिकट था। हबीबगंज में वही टीसी मिले। उनसे चर्चा की गई तो उन्होंने ए-2 की अटेंडर सीट में बैठने को बोला और कहा कि थोड़ी देर में सीट तय होने के बाद बात करते हैं।

अटेंडर खुद लाता है शराब
हबीबगंज स्टेशन पर टीसी के कहने पर यात्री और उसके साथी अटेंडर सीट पर बैठे थे। ट्रेन जब भोपाल स्टेशन पहुंची, तो एक और अटेंडर कुछ सामान के साथ चढ़ा। उसे सीट के ऊपर के दराज में रख दिया गया। भोपाल स्टेशन से छूटने के बाद ट्रेन १५ मिनट की दूरी पर आगे बढ़ी थी कि एक युवक आया। उसने अटेंडर को कुछ पैसे दिए। इस पर अटेंडर ने उसे बकायदे शराब की बोतल पकड़ाई और अपनी सीट पर बैठने को कहा। वह युवक उसी सीट पर बैठकर शराब के साथ भोजन करने के बाद वापस अंदर चला गया। बताया गया है कि अटेंडर शीट पर शराब पीने वाला यह व्यक्ति एक जनप्रतिनिधि का गनर है।

अटेंडर होता है माध्यम
भोपाल स्टेशन पार होने के बाद अटेंडर आया और बताया कि यदि एसी में सीट चाहिए तो 1500 रुपए लगेंगे। यात्री ने बताया कि अटेंडर ने टीसी की ओर से बात करनी शुरू की थी। जब उससे कहा गया कि कई लोग हैं और इतने रुपए ज्यादा हैं तो अटेंडर ने कहा कि रुपए तो इतने ही लगेंगे। अन्यथा आप जनरल डिब्बे में जाओ। इस पूरे वाकये की वीडियो रिकॉर्डिंग भी यात्री ने कर ली।

800 में अटेंडर की सीट
खेल अकेले एसी कोच के अंदर की सीट का नहीं होता है। अटेंडर भी अपनी सीट सहित सामान रखने वाले बड़े दराज को 800 रुपए में बेचते हैं। यहां सामान्य टिकट वालों से अटेंडर 800 रुपए लेकर उन्हें दो दराज और एक सीट पर लेटने का पूरा अवसर देते हैं।

डीआरएम ने दिए जांच के आदेश
वीडियो यात्री द्वारा डीआरएम को ट्वीट किया गया है। इसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। डीएससी आरपीएफ जबलपुर ने संज्ञान में लेते हुए आगे की कार्रवाई के लिए संबंधितों को ट्वीट के माध्यम से निर्देश जारी किए हैं।

Published on: