नशे में धुत्त पुलिसकर्मी ने अस्पताल में किया हंगामा, सीधी से कैदी को इलाज के लिए लाए थे एसजीएमएच, संभालने में जुटा रहा स्टाफ
सीधी। मध्यप्रदेश ( Madhya Pradesh ) की पुलिस ( Police ) इन दिनों गजब कारनामों के लिए चर्चित है। एक ऐसा ही दृश्य रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज (sanjay gandhi medical college) में देखने को मिला है। जहां सीधी जिले ( Sidhi Police ASI ) से कैदी को उपचार के लिए लेकर आए एएसआई (ASI) ने नशे में धुत्त होकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। एएसआई के साथ तीन आरक्षक भी थे। तब भी एएसआई जमकर नशा किए हुए थे।
कैदी को आरक्षकों के भरोसे छोड़कर वे अस्पताल परिसर में ही घूमते रहे और हंगामा करते रहे। अगर कोई विरोध करता था तो एएसआई वर्दी का रौब दिखाकर आगे बढ़ जाता था। हालांकि सीधी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को जैसे ही मामले की जानकारी मिली तो वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।
सीधी में पदस्थ है शराबी एएसआई
नशे में धुत्त एएसआई ने मंगलवार को अस्पताल में जमकर हंगामा किया। वे इस हद तक नशा किए हुए थे कि उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। पुलिस के इस कृत्य ने खाकी को भी शर्मसार कर दिया है। एएसआई की पहचान सुखलाल मांझी के रूप में हुई है जो सीधी जिला पुलिस बल में पदस्थ है। केन्द्रीय जेल सीधी से हत्या के आरोप में सजा काट रहे कैदी को इलाज के लिए रीवा लेकर आए थे।
पुलिस चौकी से भाग गया
हंगामा करते समय अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों की नजर उन पर पड़ गई तो उन्होंने एएसआई को पुलिस चौकी में बैठा दिया लेकिन वहां से भी वे चले गए। जिस समय वे रीवा आए थे उस समय वे नशे की हालत में थे। आशंका जताई जा रही है कि वे सीधी से शराब के नशे में रीवा आए थे। सवाल यह उठता है कि हत्या के मामले का कैदी यदि एएसआई की इस लापरवाही का फायदा उठाकर भाग जाये तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। घटना से पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी भी काफी देर तक परेशान रहे। पूरे मामले की जानकारी सीधी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंच गई है।
आए दिन देखने को मिलते नजारे
पुलिसकर्मियों के नशे की हालत में मिलने की घटनाएं आए दिन सामने आ रही है। आमतौर पर अनुशासित रहने वाले विभाग के कर्मचारी नशे की हालत में मिल जाते है।उनको न तो वर्दी की लाज की चिंता रहती है और न ही अपनी ड्यूटी से कोई सरोकार रहता है। कई बार पुलिसकर्मी नशे की हालत में मिल जाते है। इस तरह की घटना विभाग को भी शर्मसार करती है।