
सतना. शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के एक लिए और बेहतर प्रयास एक दफा फिर किया गया है। प्रशासन ने फिर से हाइटेक ट्रैफिक सिग्नल लगा दिए हैं। अब नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी आम जन की है। ताकि सभी के सहयोग से व्यवस्था में सुधार लाया जा सके। पहले चरण में स्मार्ट सिटी के पॉयलट प्रोजक्ट के तहत सिविल लाइन तिराहे में सिग्नल लगा दिए गए हैं। इनका ट्रॉयल लिया जा रहा है। इसके बाद सर्किट हाउस चौक में सिग्नल लगाए जाएंगे। शहर के दोनों मुख्य स्थानों पर सिग्नल लगानेे के बाद यहां से गुजरने वाले ट्रैफिक को कंट्रोल करने और यातायात की अन्य समस्याओं पर गौर किया जाएगा। सिग्नल लगाने के बाद चौराहों पर लगे कैमरे से ई-चालान व्यवस्था का ट्रॉयल किया जाएगा। मप्र के बड़े शहरों की तर्ज पर सतना में भी ई-चालान व्यवस्था लागू करने की तैयारी के मकसद से ही आधुनिक केमरे और सिग्नल उपयोग किए जा रहे हैं। कैमरे चालू होने पर उन्हें स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम और पुलिस के सीसीटीवी कंट,ोल रूम से ऑपरेट किया जा सकता है। रेड सिग्नल क्रास करने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, वाहन की अधिक रफ्तार, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के साथ यातायात के अन्य नियमों को ई-चालान में ध्यान रखा जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से शहर के यातायात में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।