सतना

स्वामी विवेकानंद के ये 18 quotes जीवन में आपको करेंगे सफल

स्वामी विवेकानंदजी की जयंती पर पत्रिका डॉट कॉम विवेकानंद के सबसे जोरदार 18 कोट्स आपके लिए लाया है, जो आपको हर रास्ते पर काम आएंगे।

3 min read
Jan 12, 2018
swami vivekananda quotes in hindi

सतना. 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंदजी की जयंती है। इसे युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। युवा का मतलब उम्र से नहीं, विचारों से है, उत्साह है, दृढ़ संकल्प से है, हिम्मत न हारने से है। इसमें किशोर भी युवा हो सकता है और एक बुजुर्ग भी। विदेश में रहकर स्वामी विवेकानंदजी ने अपने शिष्यों, और परिचितों को लिखे पत्रों में ऐसे फार्मूले बताया जिनसे हम अपने लक्ष्य को पा सकते हैं। इस पावन अवसर पर पत्रिका डॉट कॉम ने उनके सबसे जोरदार 18 कोट्स आपके लिए लाया है, जो आपको हर रास्ते पर काम आएंगे।

संगठन की शक्ति

बहुत से तिनकों को एकत्र करने से जो रस्सी बनती है उससे मतवाला हाथी भी बंध जाता है। इसलिए एकजुटता की शक्ति पहचानो।

खुद पर विश्वास

मेरे वीर हृदय युवकों, यह विश्वास रखो कि अनेक कार्य करने के लिए तुम सब का जन्म हुआ है। किसी वज्र से मत डरो। उठ खड़े हो और कार्य करते रहो। आगे बढ़ो।

समर्पण

हीरे की खान छोडक़र कांच के टुकड़ों को ढूंढने में समय मत गंवाओ। यह जीवन एक महान सुयोग है। अनुसंधान करो, परम श्रेयस को ही जीवन का लक्ष्य बनाओ और तुम उस परम श्रेयस को ही प्राप्त
हो जाओ।

परिश्रम

खूब परिश्रम करो तथा पवित्र व शुद्ध बनो। उत्साह अग्नि स्वत: ही प्रज्ज्वलित हो उठेगी।

ईष्र्या छोड़ो

संगठन की शक्ति का हमारी प्रकृति में पूर्णत : अभाव है। उसका विकास करो। यह तभी संभव है जब ईष्र्या छोड़ दोगे। भाइयों के विचारों को मानो। उनसे मेल रखो। बहादुरी से लड़ते रहो। जीवन पलभर का है। एक महान उद्देश्य के लिए समर्पित हो जाओ।

गतिमान रहो

कार्यक्षेत्र के विस्तार करते रहो। ध्यान रहे कि गति और उन्नति ही जीवन के चिह्न हैं।

IMAGE CREDIT: patrika

प्रेम बांटो

यह कौन जानना चाहता है कि उनमें कितनी शक्ति तथा कितने गुण हैं। हमारा प्रेम, धन के लिए नहीं। हम अपने प्रेम का विक्रय नहीं करते। हम तो इसका वितरण करते हैं।

शिक्षा देने खुद पहुंचो

गरीबों को शिक्षा देने में मुख्य बाधा यह है कि हर एक गांव में एक नि:शुल्क पाठशाला खोल भी दी जाए तो इससे काम नहीं बनेगा, क्योंकि भारत में गरीबी ऐसी हावी है कि बच्चे पाठशाला में जाने की बजाय खेतों में जाएंगे और अपने माता-पिता का हाथ बंटाएंगे। या फिर कोई अन्य उपाय से रोटी कमाएंगे। इसलिए पहाड़ आदमी के पास न आए तो आदमी को ही पहाड़ के पास जाना पड़ेगा। यानी शिक्षा को गरीब के पास जाना होगा।

एक समय में एक काम करो

एक समय में एक काम करो, ऐसा करते समय अपनी पूरी आत्मा उसमें डाल दो और बाकी सब कुछ भूल जाओ। इससे सफलता आपके कदम चूमेगी।

सफलता का तरीका

एक विचार लो। उस विचार को अपना जीवन बना लो। उसके बारे में सोचो. उसके सपने देखो, उस विचार को जियो। अपने दिमाग, मांसपेशियों, नसों, शरीर के हर हिस्से को उस विचार में डूब जाने दो और बाकी सभी विचार को किनारे रख दो। यही सफल होने का तरीका है।

समस्या तो जीवन का हिस्सा

समस्या हमारे जीवन का हिस्सा है। किसी दिन, जब आपके सामने कोई समस्या ना आए, तो आप सुनिश्चित हो सकते हैं कि आप गलत मार्ग पर चल रहे हैं।

केयर करो

दो बड़े पस्तूर के फिल्टर मोल ले लो जो कि कीटाणुओं से सुरक्षित हो। उसी पानी में खाना पकाओ और उसे ही पीने के काम लाओ। मलेरिया का कभी नाम भी सुनाई नहीं देगा। (अपने शिष्यों की तबीयत की चिंता में स्वामीजी ने कहा था)

नारी सम्मान

हमारा देश पिछड़ा हुआ है। इसका मुख्य कारण है यहां शक्ति की अवमानना होती है। इस महाशक्ति को भारत में पुन: जागृत करने के लिए मां की तरह हर महिला का सम्मान करना पड़ेगा।


तुम कर सकते हो : विश्वास रखो कि तुम सबकुछ कर सकते हो। प्रभु तुम्हारे साथ हैं।

दृढ़ निश्चय

उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक कि अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर लेते। स्वार्थ त्यागो, सहयोग करो : बड़े-बड़े कार्य केवल स्वार्थ त्यागने से ही होते हैं. काम करो, सहयोग करो। पहिए पर जा लगो, उस पर अपने कंधे लगा दो।

डरो नहीं : विश्वास और श्रद्धा रखो, उत्साह रखो, डरो नहीं, भय ही सबसे बड़ा पाप है।


हिम्मत दिखाओ : किसी भी कार्य को करने में तीन अवस्थाओं का सामना करना पड़ता है। पहले लोग हंसेंगे, फिर विरोध करेंगे और अंत में सब स्वीकार कर लेंगे। इसलिए हिम्मत से जुटो रहो।

ये भी पढ़ें

Swami Vivekananda Jayanti 2018 : सार्वभौमिक आत्म जागृति का संदेश राजनीतिक उथल-पुथल की वर्तमान पृष्ठभूमि में प्रासंगिक रहा

Published on:
12 Jan 2018 03:11 am
Also Read
View All