सतना

रेलवे के ई-टिकट की कालाबाजारी करने वाले दो गिरफ्तार

रेल सुरक्षा बल ने मारा दो सायबर कैफे में छापा, हजारों की ई-टिकट के साथ कम्प्यूटर सेट जब्त

2 min read
Oct 26, 2019
Two arrested for black marketing of railway e-tickets

सतना. त्योहार में रेलवे के ई-टिकट की कालाबाजारी होने की सूचना पर रेल सुरक्षा बल की टीम ने अगल अलग दो जगहों पर छापा मारा। शहर के रीवा रोड स्थित प्रताप होटल और संयुक्त कलेक्ट्रेट के सामने सायबर कैफे में दबिश देते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से हजारों रुपए कीमत के टिकट और कम्प्यूटर सेट जब्त कर लिए गए। आरोपियों को आरपीएफ पोस्ट लाने के बाद जांच कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।
दो टीमें बनाईं
आरपीएफ के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त जबलपुर के निर्देशन में ई-टिकट दलालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए सतना में कार्रवाई की गई है। इसके लिए दो अलग अलग टीमें बनाई गई थीं। पहली टीम में आरपीएफ पोस्ट सतना प्रभारी निरीक्षक मानसिंह, एएसआइ एमपी मिश्रा, आरक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा रहे। जबकि दूसरी टीम में एसआइ शिशिर कुमार, एसआइ जेडी मिश्रा, एएसआइ सुनील बघेल, आरक्षक इंद्राज यादव व राजू मिश्रा शामिल रहे।
दुकान मालिक फरार
निरीक्षक मान सिंह की टीम रीवा रोड स्थित प्रताप होटल पहुंची। जहां टीसीपी साइबर कैफे में जांच की गई तो अजहर खान पुत्र कुन्नू खान (22) निवासी लालता चौक को दुकान से पकड़ा गया। जिसके कंप्यूटर सेट व दुकान को जांचने पर एक नग लाइव ई-टिकट व 70 पुरानी ई-टिकट मिली। जो कि पर्सनल यूजर आइडी से बनाई गई हैं। इनकी कीमत 137965 रुपए बताई गई है। यहां ई-टिकट के लिए 20 पर्सनल यूजर आइडी का प्रयोग किया जा रहा था। पकड़ा गया युवक अजहर दुकान पर नौकरी करता है। दबिश के दौरान दुकान मालिक समीर खान उर्फ सिकंदर नहीं मिला। जिसे आरपीएफ ने फरार बताया है।
दूसरी टीम की दबिश
दूसरी टीम के एसआइ शिशिर कुमार ने एसआइ जेडी मिश्रा, एएसआइ सुनील बघेल, आरक्षक इंद्राज यादव, आरक्षक राजू मिश्रा के साथ संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने सागर कम्प्यूटर शॉप में दबिश दी। जहां आरोपी निशांत सिंह पटेल पुत्र चंद्रभान सिंह (29) निवासी मकान नंबर 75 वार्ड नंबर 29 जवाहर नगर पकड़ा गया। जिसके कब्जे से 8 नग ई-टिकट जो पर्सनल यूजर आइडी से बनाई गई थी जब्त की गई। जिनकी कीमत 4895 रुपए बताई गई है। आरोपी को गिरफ्त में लेने के बाद उसकी दुकान से कम्प्यूटर सेट जब्त कर लिया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने 50 से 200 रुपए तक प्रति यात्री कमीशन लेकर टिकट बनाना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार किया गया। जिन्हें रविवार को रेलवे न्यायालय जबलपुर में पेश किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

रेलवे में  चाय की चुस्की के नाम पर यात्रियों से हर महीने हो रही 30 लाख की ओवरचार्जिंग
Published on:
26 Oct 2019 08:34 pm
Also Read
View All