
चित्रकूट।Incredible Chitrakoot ... मंदाकिनी की लहरों पर तैरते असंख्य दीपक... उनके प्रतिबिंब से झिलमिलाता नदी का पानी... बीच धार में रोशनी से जगमगाती नावें और दूसरी ओर कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा में गूंजते कामतानाथ के जयकारे। कहीं श्रद्धालुओं की लंबी कतारें तो कहीं पर्वत पर जलते दीपों की अनगिनत रोशनियां। ठंडी हवाओं के बीच मंदाकिनी की लहरों का स्पर्श और चारों ओर राममय वातावरण। चित्रकूट का दीपावली मेला इन दिनों सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, प्रकृति और लोक उत्सव का ऐसा संगम बन गया है, जहां पहुंचने वाला हर व्यक्ति कुछ पल और ठहर जाना चाहता है।
परिक्रमा में भीड़ का ऐसा दबाव था कि कदम खुद-ब-खुद बढ़ते चले गए। कामतानाथ के दर्शन की अभिलाषा लिए श्रद्धालुओं का हुजूम कामदगिरिपरिक्रमा पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा था। हाथ जुड़े हुए, होठों पर कामतानाथ के जयकारे और मन में अपार श्रद्धा। भीड़ के दबाव में लोग अपनी गति से नहीं, बल्कि आगे बढ़ते जनसमूह के साथ कदमताल करते हुए परिक्रमा पूरी कर रहे थे। इस बीच परिक्रमा मार्ग की खानपान दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। पर्वत पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने दीपदान किया।
परिक्रमा पथ के आसपास रोशन असंख्य दीपक रात के अंधेरे में ऐसा दृश्य बना रहे थे, मानो कामदगिरि ने स्वयं दीपों की माला धारण कर ली हो।मंदाकिनी में उतर आई दीपों की रोशनीमेले का सबसे आकर्षक नजारा मंदाकिनी के घाटों पर दिखाई दे रहा था। स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु पुण्य सलिला में डुबकी लगाने के बाद दीपदान कर रहे थे। पत्तों से बने छोटे-छोटे पात्रों में दीप जलाकर नदी में प्रवाहित करने का सिलसिला लगातार चलता रहा। पानी पर तैरते इन दीपों की रोशनी जब लहरों के साथ हिलती तो उनके प्रतिबिंब से मंदाकिनी का जल झिलमिलाने लगता। घाटों से देखने पर यह दृश्य किसी जीवंत दीपमाला से कम नहीं था।
इसी बीच मंदाकिनी में नौकायन भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। नावों में बजती सुमधुर धुन, ठंडी हवाओं के झोंके और पानी के हिचकोले लेते हुए आगे बढ़ती नावें श्रद्धालुओं को एक अलग ही अनुभूति दे रही थीं। नदी के बीच रोशनी से सजी नावें दूर से ऐसी दिखाई दे रही थीं, मानो कोई विशाल दीपक जल पर तैर रहा हो। श्रद्धालु इस अनुभव को अपने कैमरों में कैद करते रहे तो कई लोग शांत होकर मंदाकिनी की लहरों और वातावरण का आनंद लेते नजर आए।
पांच दिवसीय मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए चित्रकूट का आकर्षण सिर्फ दर्शन और परिक्रमा तक सीमित नहीं है। बड़ी संख्या में लोग घाटों के आसपास डेरा डालकर रह रहे हैं। खुले आसमान के नीचे परिवारों के साथ समय बिताना, मंदाकिनी के किनारे भोजन बनाना और प्रकृति के बीच कुछ पल गुजारना भी उनके लिए मेले का हिस्सा है। शाम होते ही घाटों और आसपास के क्षेत्रों में चहल-पहल बढ़ जाती है। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। जहां भजन, संगीत और धार्मिक आयोजनों के बीच चित्रकूट का माहौल देर रात तक उत्सवमय बना हुआ है।
इस बार मेले में कुछ अलग अनुभव भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। गुप्त गोदावरी में प्रवेश बंद होने के कारण यहां 360 डिग्री वर्चुअल दर्शन की सुविधा दी जा रही है। श्रद्धालु इस माध्यम से स्थल का आभासी दृश्य देख रहे हैं। वहीं हनुमान धारा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग रोपवे का उपयोग कर रहे हैं। स्फटिक शिला सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दर्शनार्थियों की आवाजाही बनी हुई है। इस तरह मेले में परंपरागत तीर्थाटन के साथ तकनीक और सुविधाओं का नया स्वरूप भी देखने को मिल रहा है।
इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। इस बार सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी दिखाई दे रही है। जिला प्रशासन की टीमें 24 घंटे सफाई में जुटी हैं। घाटों, परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थलों पर गंदगी जमा न होने देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अधिकारी-कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर तैनात हैं।कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह स्वयं चित्रकूट में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। मेले के दौरान अधिकारियों की लगातार मौजूदगी और मैदानी निगरानी से व्यवस्थाओं में कसावट दिखाई दे रही है।
चित्रकूट के दीपावली मेले का यह बदला हुआ स्वरूप एक दिन की तैयारी का नतीजा नहीं है। इसके पीछे करीब एक महीने से चल रही तैयारियां हैं। मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह (IAS) ने मेले की व्यवस्थाओं को आकार देने के लिए लगातार काम किया। चित्रकूट को मेले के लिए तैयार करने से लेकर व्यवस्थाओं में समन्वय और मैदानी स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने तक उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। मेले की चमक-दमक के बीच भले ही यह मेहनत सामने न दिखे, लेकिन साफ-सफाई, सुविधाओं और व्यवस्थाओं में दिखाई दे रही कसावट के पीछे यह तैयारी भी एक अहम वजह है। इनके साथ पूरी व्यवस्था पर समन्वय, निगरानी और समय सीमा पर क्रियान्वन का काम देख रहे थे सतना कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस। लगातार एक माह से चित्रकूट सतना एक करने वाले इन अधिकारियों ने मेले को मूर्त रूप दिया।
चित्रकूट में इन दिनों हर रास्ता किसी न किसी आस्था स्थल तक पहुंचता है और हर शाम एक नया दृश्य रचती है। कामदगिरि पर गूंजते जयकारे, मंदाकिनी में तैरते दीप, रोशनी में नहाती नावें और घाटों पर परिवारों की चहल-पहल। यहां कोई पुण्य कमाने आया है, कोई मनोकामना लेकर तो कोई प्रकृति के सान्निध्य में कुछ दिन बिताने। पांच दिनों के इस मेले में चित्रकूट सचमुच एक ऐसे जीवंत उत्सव में बदल गया है, जहां आस्था सिर्फ मंदिरों में नहीं, बल्कि घाटों, परिक्रमा पथ और हर रोशन दीप में दिखाई देती है।