सतना

भाजपा सेवा संकल्प बाइक यात्रा में ऐसा क्या हुआ कि कलेक्टर रीवा को आया गुस्सा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में बनारस से बड़नगर के बीच निकाली जा रही भाजपा की 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' के लिए भोजन से लेकर पेट्रोल तक की व्यवस्था करने कलेक्टर रीवा ने अफसरों के दिए निर्देश। शिकायत मिली तो कलेक्टर ने ऑन लाइन अफसरों की क्लास लगा दी। कहा, मेरे पहुंचने से पहले सब सही हो जाए।
3 min read
Sep 20, 2026
rewacollector

सतना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में बनारस से गुजरात के बड़नगर तक भाजपा सेवा संकल्प बाइक यात्रा निकाल रही है। कहने को तो यह भाजपा की यात्रा है जो प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और उनके सार्वजनिक जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। लेकिन इस यात्रा का पूरा जिम्मा शासन प्रशासन के जिम्मे है। यह खुलासा रीवा जिले में पहुंची यात्रा से हुआ है। जिसमें अव्यवस्था होने पर कलेक्टर रीवा ने सीईओ और एसडीएम की न केवल ऑनलाइन क्लास ले ली बल्कि यात्रा के सभी व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए। यहां तक कि बाइकों में पेट्रोल डलवाने तक के निर्देश दिए गए। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सरकारी अफसर इन बाइकों में किस मद से पेट्रोल डलवाएंगे। रीवा की स्थिति देख सतना में भी अफसर अपने से व्यवस्था में जुट गए हैं।

भाजपा सेवा संकल्प यात्रा के लिए इस तरह तैयार किया गया मिनट टू मिनट प्लान

प्रशासन ने तैयार किया था मिनट टू मिनट प्लान

जानकारी के अनुसार विगत दिवस सेवा संकल्प बाइक यात्रा रीवा पहुंची थी। भाजपा कार्यकर्ता बाइकों में सवार होकर यात्रा पर निकले हुए हैं। लेकिन इस यात्रा की पूरी जिम्मेदारी रीवा में जिला प्रशासन देख रहा था। इसके लिए बकायदे मिनट टू मिनट प्लान तैयार कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई थी।

आधिकारिक वाट्सएप ग्रुप में कलेक्टर ने अफसरों को इस तरह लगाई फटकार

कलेक्टर ने वाट्सएप ग्रुप में जताई नाराजगी

इस प्लान के अनुसार रीवा के मैदानी अफसरों द्वारा आवश्यक तैयारी नहीं होने की शिकायत पर कलेक्टर रीवा ने आधिकारिक वाट्सएप ग्रुप पर जनपद सीईओ जवा, एसडीएम और जवा तहसीलदार की क्लास लगा दी। कहा, कल यात्रा आ रही है। मुझे शिकायत मिल रही है कि आप यात्रा की तैयारी को लेकर अभी भी संवेदनशील नहीं हैं। मैं कल यात्रा में रहूंगा और मुझे जरा सी भी असुविधा यात्रा के दौरान दिखनी नहीं चाहिए। यात्रा दल के रुकने, खाने, नाश्ते और फ्यूल इसके अलावा जनसमूह, हितग्राही, सम्मेलन, वृक्षारोपण कार्यक्रम और अन्य आयोजन की व्यवस्था माकूल रहनी चाहिए। सभी विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता, एसडीएम और अन्य से को-ऑर्डिनेशन में कोई कमी नहीं होना चाहिए।

रीवा में होटल में व्यवस्थाएं करने पहुंचे अफसर

और एक्टीवेट हो गए अफसर

जानकारी यह भी सामने आई है कि इन निर्देशों के बाद भी रास्ते में यात्रा में शामिल कुछ बाइकर्स ने खाने की गुणवत्ता या मात्रा में कमी निकालते हुए शिकायत कर दी। इसके बाद जिस तरीके की फटकार लगी उसका असर रीवा शहर की व्यवस्थाओं में देखने को मिला। इन्हें आलीशान होटल में ठहराया गया। आईएएस अफसर जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख खुद व्यवस्था की निगरानी में मौके पर तैनात नजर आईं।

सतना में मांगा पनीर लवाबदार

रीवा में बाइकर्स की शिकायत और अफसरों की सख्ती का मामला जब सतना पहुंचा तो यहां भी अफसर सतर्क नजर आए। यात्रा के ठहरने, भोजन सहित अन्य सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गई। शानदार होटल और शानदार खाना तैयार कराया गया। तय रूट की पूरी व्यवस्थाएं यहां भी की जा रही हैं। ऑफ द रिकार्ड अफसर व्यवस्था करना तो स्वीकार कर रहे हैं लेकिन फंड की व्यवस्था पर मौन धारण कर ले रहे हैं। सतना में भाजपा की ओर से अफसरों को जो खाने का मीनू भेजा गया है उसमे पनीर लवाबदार, दाल तड़का, इंद्रहर कढ़ी, जीरा राइस, तंदूरी रोटी, सलाद अचार पापड़ और खोए की जलेबी और केसरिया दूध की व्यवस्था 80 बाइकर्स के लिए करने को कहा गया है।

Updated on:
20 Sept 2026 01:46 pm
Published on:
20 Sept 2026 01:45 pm