सवाई माधोपुर

किसानों का 14 सौ करोड़ रुपए का कर्जा माफ होने की संभावना, इन 1 लाख 19 हजार किसानों को होगा सीधा फायदा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
1 lac 19 thousand farmers to be benefited with farm loan waiver
1 lac 19 thousand farmers to be benefited with farm loan waiver

सवाईमाधोपुर। जिले के 1 लाख 19 हजार किसानों का वाणिज्यिक व सहकारी बैंकों से लिया करीब 14 सौ करोड़ रुपए का फसली ऋण माफ होने की संभावना है। इसके लिए बैंक व सहकारिता विभाग ने कर्जा माफी के आंकलन की तैयारी शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र में कृषि ऋण माफ करने का वादा किया था। अब किसान राज्य सरकार की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।


कांग्रेस ने किया था वादा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान राजस्थान की हर सभा में घोषणा की थी। उनकी सरकार बनी तो दस दिन में किसानों का कर्जा माफ हो जाएगा। ऐसे में किसान अब इस वादे को याद दिला रहे है। अब देखना यह है कि नई सरकार बनने के बाद कितने दिन में किसानों का कर्जा माफ होगा।


अब बंधी आस
राजस्थान में सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही कांग्रेस की सरकार भी बन गई है। सरकार को 26 दिसम्बर को दस दिन पूरे हो जाएंगे। ऐसे में किसानों को आस है कि 26 या इससे पहले कर्जा माफ हो जाएगा।


किसान दबे हैं कर्ज तले
जिले में हजारों किसान बैंकों से लिए कर्ज तले दबे है। सवाईमाधोपुर जिले में वाणिज्यिक, केन्द्रीय सहकारी समिति बैंक लिमिटेड एवं ग्रामीण बैंकों से किसानों ने 1400 करोड़ रुपए का ऋण ले रखा है। यह कर्ज केवल किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लिया गया है। इसमें किसान की ओर से अन्य किसी प्रकार का लिया गया ऋण शामिल नहीं है।


59 लाख किसानों पर कर्जा
प्रदेश में करीब 59 लाख किसान कर्जदार है। कांग्रेस अब अपना वादा पूरा करती है, तो इन किसानों को कर्ज माफ करने के लिए 99 हजार करोड़ रुपए की आवश्यकता होगी। कांग्रेस का बहुमत आने के साथ सहकारिता विभाग ने रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है।


इनका कहना है
-किसानों का सम्पूर्ण कर्जा माफ हो, जिससे एक बार किसान पूर्णत: कर्ज मुक्त हो। इसमें किसी प्रकार का वर्गीकरण नहीं किया जाए। जितना केसीसी किसानों को दी गई है, उनको पूर्ण रूप से माफ किया जाए। लटूरसिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष, भारतीय किसान संघ


-सरकार यदि दस दिन के अंदर वादे पर खरा उतरती है, तो जिले में 1.16 लाख किसानों के करीब 1400 करोड़ रुपए का कर्जा माफ होगा। इसके लिए सभी बैंकों को आंकलन करने के निर्देश दिए हैं। हरिनारायण मीना, एलडीएम, बैंक ऑफ बड़ौदा, सवाईमाधोपुर


-जिले में जिन किसानों ने खेती के लिए ऋण लिया है, उनके कर्जा माफी के लिए किसानों को आधार कार्ड, मृत्यु प्रमाण-पत्र दस्तावेज जमा कराने होंगे। कर्जा माफी की प्रक्रिया का आंकलन किया जा रहा है। ओपी जैन, एमडी, केन्द्रीय सहकारी बैंक, सवाईमाधोपुर

Published on:
18 Dec 2018 12:26 pm
Also Read
View All