5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सवाई माधोपुर : खाटूश्याम मंदिर पर तेज आवाज के साथ गिरी आकाशीय बिजली, मंगला आरती के समय हुआ हादसा

गंगापुरसिटी में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार तड़के खाटूश्याम मंदिर के शिखर पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना मंगला आरती के समय हुई, जब मंदिर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी थी। हालांकि, बिजली का असर शिखर तक ही सीमित रहा, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
2 min read
Google source verification
Khatushyam Temple

गंगापुरसिटी: बिजली गिरने के बाद खाटूश्याम मंदिर का क्षतिग्रस्त शिखर (फोटो-पत्रिका)

सवाई माधोपुर। गंगापुरसिटी समेत जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। गंगापुरसिटी क्षेत्र के कुशलगढ़ स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर के मुख्य शिखर पर मंगला आरती के समय आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने के साथ ही तेज धमाका हुआ, जिससे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। हादसे में मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें नीचे तक दरारें आ गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि बिजली का असर मंदिर के अंदर स्थित प्रतिमाओं तक नहीं पहुंचा और सभी प्रतिमाएं सुरक्षित हैं।

शनिवार सुबह मंगला आरती के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज कड़कड़ाहट की आवाज के साथ आकाशीय बिजली मंदिर के शिखर पर जा गिरी। धमाके की आवाज सुनकर श्रद्धालु और मंदिर में मौजूद लोग सहम गए। कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा को देखते हुए लोगों को तत्काल मंदिर से बाहर निकाला गया। राहत की बात ये रही कि इस घटना कोई हताहत नहीं हुआ। बिजली का असर शिखर तक ही सीमित रहा।

शिखर में आई दरार, छत पर फैला मलबा

आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर के शिखर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शिखर के क्षतिग्रस्त होने के बाद मलबा मंदिर की छत पर फैल गया। वहीं शिखर में नीचे तक दरार आने की बात सामने आई है। मंदिर प्रबंधन ने स्थिति का जायजा लिया है।

मंदिर कमेटी अध्यक्ष राजेन्द्र दुसाद ने बताया कि बिजली शिखर पर गिरी, जिससे उसका हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। बिजली नीचे मंदिर तक नहीं आई। इसके चलते मंदिर में स्थापित सभी प्रतिमाएं सुरक्षित हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों को सावधानी के तौर पर बाहर किया गया।

यह वीडियो भी देखें :

जिले में बारिश का दौर जारी

सवाई माधोपुर जिले में इन दिनों मानसून सक्रिय है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग की ओर से जिले में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। गंगापुरसिटी शहर में बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और नगर परिषद की टीमें नालों की सफाई और पानी की निकासी में जुटी हैं।

लगातार दूसरे दिन बारिश के कारण बामनवास क्षेत्र में भी जनजीवन की रफ्तार प्रभावित रही। शनिवार शाम 5 बजे तक वहां 62 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि मानसून सीजन में अब तक कुल 392 एमएम बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। बारिश के चलते बाजारों में भी सन्नाटा रहा और लोगों की आवाजाही कम रही।

बड़ी खबरें

View All

सवाई माधोपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग