
सवाई माधोपुर नगर परिषद चुनाव में BJP के लिए राहत भरी खबर (पत्रिका फोटो)
Sawai Madhopur Municipal Polls 2026: नगर परिषद सवाई माधोपुर के चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही स्थानीय सियासी समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। बुधवार का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए राहत भरी खबर लेकर आया, जब पार्टी से असंतुष्ट होकर निर्दलीय के रूप में पर्चा भरने वाले तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया।
बता दें कि वार्ड संख्या 11, 40 और 56 से निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद इन वार्डों में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। नाम वापस लेने वाले प्रत्याशियों में शामिल हैं वार्ड संख्या 56 से प्रियंका शर्मा, वार्ड संख्या 11 से ऋचा गौतम और वार्ड संख्या 40 से बादाम। इन तीनों प्रत्याशियों ने भाजपा के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में अपना नामांकन वापस लेते हुए पार्टी को पूरा समर्थन देने का निर्णय किया है।
टिकट वितरण के बाद कई वार्डों में पार्टी से जुड़े दावेदारों ने बगावती रुख अपनाते हुए निर्दलीय के तौर पर पर्चा दाखिल कर दिया था। इससे भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने वोटों के ध्रुवीकरण और हार का खतरा मंडराने लगा था। संगठन के वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद तीन प्रत्याशियों का चुनावी मैदान से हटना पार्टी के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है।
अनारक्षित महिला श्रेणी के लिए आरक्षित वार्ड संख्या 56 में प्रियंका शर्मा का नामांकन वापस लेना भाजपा के लिए विशेष रूप से अहम है। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने से मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना थी, लेकिन अब उनके समर्थन में आने से पार्टी प्रत्याशी की राह काफी आसान हो गई है। इसी तरह वार्ड संख्या 11 से ऋचा गौतम और वार्ड संख्या 40 से बादाम के हटने से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों का वोट बैंक सुरक्षित हो गया है।
नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद अब सवाई माधोपुर नगर परिषद चुनाव की वार्डवार तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। बागियों को मनाने में मिली सफलता से भाजपा कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं। बगावत थमने से वोटों का बिखराव रुक गया है, जिससे भाजपा की चुनावी स्थिति पहले से काफी मजबूत नजर आ रही है। अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के साथ ही सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार अभियान और रणनीतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
Updated on:
02 Sept 2026 07:52 pm
Published on:
02 Sept 2026 07:52 pm
