सवाई माधोपुर

शराबियों ने चिकित्सक को पीटा

शराबियों ने चिकित्सक को पीटा
less than 1 minute read
 निजी चिकित्सक
निजी चिकित्सक

सवाईमाधोपुर. रवांजना चौड़ देहलवालजी मंदिर के पास शुक्रवार देर रात कुछ शराबियों ने निजी चिकित्सक को बेरहमी से पीटा। सूचना पर रवांजना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रवांजना डूंगर थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि घायल कैलाशचंद बैरवा निवासी खण्डार है। वह रात करीब नौ बजे बाइक पर सवार होकर बंजारों की ढाणी से रवांजना चौड़ आ रहा था। इस दौरान देहलवालजी मंदिर के पास रास्ते में आरोपी श्योजी, धर्मसिंह गुर्जर व विनोद मीना ने शराब के नशे में उसकी बाइक रुकवाई। इसके बाद पैसे मांगे। मना करने पर शराब की बोतल से वार किया। इससे वह लहूलुहान हो गए। इस दौरान व्यक्ति के चिल्लाने पर ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में घायल का पर्चा बयान लिया। पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने लाई और पूछताछ जारी है।


पुरानी पत्रावलियों का निस्तारण किया
चौथकाबरवाड़ा. ग्राम पंचायत सभागार में शुक्रवार को सरपंच शीतल पहाडिय़ा की अध्यक्षता में पंचायत कोरम की बैठक आयोजित हुई। कोरम में पुरानी पत्रावलियों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही पट्टों की कार्रवाई की गई। ग्राम विकास अधिकारी ओम प्रकाश स्वर्णकार ने बताया कि कोरम में सफाई कर्मचारियों को नालों की सफाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं कोरम में नामांतरण भी खोले गए।