सवाई माधोपुर

कीचड़ भरी डगर पर कैसे चलें, पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते

कीचड़ भरी डगर पर कैसे चलें, पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते
2 min read
sawaimadhopur
sawaimadhopur

मलारना डूंगर. उपखण्ड मुख्यालय पर पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते नालियां कचरे से अटी है। आम रास्तों में गन्दा पानी बह रहा है। ऐसे में राहगीरों का चलना दुश्वार हो रहा है। विशेष कर मंडी कुएं से कब्रिस्तान सहित विभिन्न गांव ढाणियों को जाने प्रमुख मार्ग पर दयनीय स्थिति बनी हुई है। लोग लम्बे समय से सफाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन सफाई नहीं हो रही है।

मोहल्लेवासियों ने बताया कि नई पंचायत के गठन को एक वर्ष बीत गया। मंडी कुआं सहित आस पास के मोहल्लों में सफाई कर्मी नजर नहीं आए। मंडी कुएं के अलावा अस्पताल चौराहे से मिस्त्री मार्केट में मुख्य सड़क पर भरा पानी भी लोगों की राह में रोड़ा बन रहा है। यहां सड़क के दोनों ओर पानी निकासी के नाले तो बनाए गए हैं, लेकिन लम्बे अरसे से सफाई नहीं होने से अब यह नाले भी अतिक्रमण की भेंट चढ़ गए हैं। इस बारे में जब सरपंच मुकेश नावरिया से बात की तो उन्होंने नियमित सफाई होने की बात कहते हुए तत्काल सफाई कर्मी भेजने की बात कही। हालांकि देर शाम तक भी कोई सफाई कर्मी नहीं पहुंचा।

गंदगी से अटा है गांव, नालियां ओवरफ्लो
भाड़ौती. कस्बे सहित आस-पास के गांव में सरकार की ओर से सफाई व स्वच्छता को लेकर की जा रही मशक्कत धरातल पर बेअसर नजर आती है। गांव के गली मोहल्लों की गंदगी व कीचड़ से अटे मार्ग व बदहाल पनघट की तस्वीरें बयां कर रही है।

हर गली मोहल्ले में गंदगी व कीचड़ : गांव की अधिकांश गली मोहल्लों में नालियां नहीं है। कुछ गली मोहल्लों में नालियां बनी हुई है, वह भी मापदण्डों के तहत नहीं होने से नाकारा साबित हो रही है। इससें घरों से निकलने वाला गंदा पानी मार्ग में पसरा रहता है। आंगनबाड़ी की ओर जाने वाले नौनिहालों व लोगों को आवाजाही करने में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। गांव के मुख्य मार्ग जहां पर आंगनबाड़ी केंद्र, ग्राम पंचायत व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वाली रोड की स्थिति बेहद खराब है। कीचड़ से परेशान लोगों ने निजात के लिए यहां कच्ची नाली बनाई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

गंदे पानी की निकासी ठप, राहगीर परेशान
बामनवास. समीपवर्ती लिवाली गांव में बस स्टैंड के नजदीक खोर्रे में गंदे पानी की निकासी अवरुद्ध होने से पैदल राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरे रहने से पैदा हुई फिसलन के चलते कई बार बाइक सवारों को चोटिल हो जाना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि कई बार ग्राम पंचायत प्रशासन को अवगत कराए जाने के बाद भी गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी खोर्रे में आकर मुख्य सड़क पर भर जाता है। चौबीसो घंटे पानी भरा रहने से आसपास रहने वाले वाशिंदे भी परेशान है।

Published on:
22 Dec 2018 06:10 am
Also Read
View All