
सवाईमाधोपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शनिवार को जयपुर के अमरूदों के बाग में आयोजित कार्यक्रम की जिला प्रशासन व विभागीय स्तरीय पर तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी लाभार्थी व कार्यकर्ता शनिवार सुबह साढ़े छह बजे से तय पाइंटों से बसों के माध्यम से जयपुर के लिए रवाना होंगे। स्पेशन ब्रांच एएसआई मोहनलाल ने बताया कि पीएम दौरे को लेकर जिले से 3 हजार लाभार्थी एवं 3 हजार कार्यकर्ता शनिवार सुबह छह बजे जयपुर के लिए रवाना होंगे। इसके लिए अलग-अलग विधानसभा वाइज रूट निर्धारित किए है। खण्डार व चौथकाबरवाड़ा क्षेत्र के लाभार्थी व कार्यकर्ता लालसोट हाइवे से जयपुर पहुंचेंगे। इसी प्रकार बामनवास व बौंली वाले कोथुन होते हुए, गंगापुरसिटी वाले लालसोट होते हुए जयपुर पहुंचेंगे।
अल्पाहार की रहेगी व्यवस्था
प्रशासन ने पीएम की सभा से लौटते समय लाभार्थियों के लिए खाने का इंतजाम भी किया गया है। खाने-पीने की व्यवस्था के लिए चैक पोस्ट बनाई गई है। यहां लाभार्थियों को चाय-नाश्ता दिया जाएगा।
आरोपी रमेशी दो दिन रिमांड पर
सवाईमाधोपुर. फलौदी क्वारी के निकट खानपुर इलाके में मैनपुरा निवासी मियाराम मीणा पुत्र रामविलास मीणा की गला दबाकर हत्या मामले में गिरफ्तार मृतक की पत्नी की बड़ी बहन रमेशी मीणा को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन तक पीसी रिमांड पर भेजा गया है। रवाजना डूंगर थाना थानाधिकारी गजानंद शर्मा ने बताया कि आरोपी रमेशी मीणा को दो दिन तक रिमांड पर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाने से मय जाप्त छह सदस्यीय टीम को बिट््ठलपुर जिला श्योपुर भेजा है।
सड़क हादसे में अध्यापक घायल
मलारना डूंगर. स्टेशन रोड पर एक जीप की टक्कर से अध्यापक घायल हो गया। हादसे में घायल अध्यापक साजिद खान पुत्र शब्बीर निवासी मलारना डूंगर को परिजनों ने मलारना डूंगर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सवाईमाधोपुर रेफर कर दिया। अध्यापक सांकड़ा के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत है। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद बाइक से घर आ रहा था। रास्ते में जीप ने उसे टक्कर मार दी।