
खण्डार. कस्बे में शनिवार को दो दुकानों के ताले टूटने का मामला सामने आया है। यहां बस स्टैण्ड के सामने बनी लोहे की दो केबिनों पर चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन एक दुकान के अंदर का ताला होनेे से चोरों ने एक दुकान से ही हाथ साफ किया। ग्रामीण पवन मथुरिया, भागीरथ मथुरिया, अरुण मथुरिया ने बताया कि नायपुर रोड स्थित अनाज मंडी के बाहर रखी केबिनों में से बुद्धि जीवन मथुरिया व रामजीलाल मथुुरिया की दुकानों के ताले टूट गए। इसमें से रामजीलाल मथुरिया की दुकान के अंदर का ताला लगे होने से उनके यहां चोरी की वारदात नहीं हुई। बुद्धि जीवन मथुरिया के यहां से चोरों ने हजारों रुपए का सामान उड़ाया। उसने बताया कि रोज की तरह रात को दुकान बंद कर घर गया था। रविवार को पड़ौसी दुकानदार ने दुकान के ताले टूटने की सूचना दी। आकर देखा तो दुकान से 7 किलो बादाम का एक कट्टा, 13 हजार की रेजगारी सहित करीब 20 हजार रुपए का सामान चोरी हो गया। पीडि़त ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर मुआयना किया।
पैदल गश्त की मांग
व्यापार मण्डल ने कस्बे में पैदल गश्त कराने की मांग की है। गश्त के अभाव में चोरी की वारदात हो रही है और पुलिस शराबियों पर ही शक करती रह जाती है।
हर माह होती है चोरियां
कस्बे के व्यापारियों ने बताया कि हर माह या पन्द्रह दिन में कोई न कोई चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता है। इस पर पुलिस शराबियों की हरकत कहकर कार्रवाई नहीं करती है। दो माह पूर्व भी एक ही रात में करीब आठ दुकानों के ताले टूटे थे।
पांचवीं बार टूटे दुकान के ताले
पीडि़त ने बताया कि केबिन से पांचवी बार चोरों ने चोरी की है। पुलिस हर बार शराबियों की हरकत बताकर मामले से पल्ला झाड़ लेती है। इससे चोरों के मन से पुलिस का भय नहीं है। दुकानदार रामजीलाल ने बताया कि उसकी दुकान के भी चौथी बार ताले तोडऩे के प्रयास किया गया। इसमें तीन बार चोर सफल रहे। इस बार अंदर के ताले के कारण चोरी की वारदात नहीं हो सकी।
नायपुर रोड पर केबिनों के ताले टूटने का मामला सामने आया है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। चुनाव में पुलिस के जवानों की ड्यूटी होने से पैदल गश्त नहीं हो रही है। जवान आने के बाद से पैदल गश्त करवाई जाएगी।
रोहित चावला, थानाधिकारी खण्डार