सवाई माधोपुर

Rajasthan News: काजू-बादाम मिले जानलेवा, मावा भी निकला मिलावटी; जांच रिपोर्ट ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर

सवाईमाधोपुर जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग से चलाए गए शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान की जांच रिपोर्ट ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं।
2 min read
Food-Safety-and-Drugs-Department
एक दुकान पर सैंपल की जांच करती टीम। फोटो: पत्रिका

सवाईमाधोपुर। दीपावली पर सवाईमाधोपुर जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग से चलाए गए शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान की जांच रिपोर्ट ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं। विभाग की टीम ने जिलेभर से 58 नमूने लेकर जयपुर स्थित केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे थे। इनमें से अब तक 45 नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें 25 नमूने अमानक स्तर के पाए गए हैं। इनमें से 21 नमूने सब स्टैंडर्ड और 4 नमूने अनसेफ घोषित किए गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार दीपक इंटरप्राइजेज से लिए गए काजू और बादाम के नमूने स्वास्थ्य के लिए जानलेवा पाए गए हैं। इसी तरह छाण खंडार स्थित शंकर मिष्ठान भंडार और पीपलदा (मित्रपुरा) के अग्रवाल मिष्ठान भंडार से लिए गए लड्डू भी अनसेफ पाए गए हैं। इन खाद्य पदार्थों में खतरनाक रासायनिक मिलावट पाई गई, जो लीवर, हार्ट और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।

इसके अलावा राहुल मावा भंडार चौथ का बरवाड़ा का मावा, बालाजी किराना स्टोर गंगापुर सिटी का श्रीकृष्णा ब्रांड वनस्पति, फूड कोस्टा रेस्टोरेंट गंगापुर सिटी का पनीर, बाबूलाल दीपक कुमार गंगापुर सिटी का पंकज ब्रांड ग्राउंडनट ऑयल, एमएम किराना स्टोर खंडार का लूज सरसों का तेल, पीयूष किराना स्टोर सवाईमाधोपुर का लूज सरसों का तेल, गोविंद मिष्ठान भंडार भाड़ौती की मावा बर्फी और मिल्क केक, हेमा मिष्ठान भंडार गंगापुर सिटी का मावा और कालाजामुन भी सब स्टैंडर्ड पाए गए हैं।

आगरा का मावा भी मिला अमानक

रेलवे स्टेशन के बाहर दीपावली पर जब्त किया आगरा से आया मावा भी अमानक स्तर का पाया गया है। इसमें राधेश्याम कल्याणमल, राहुल मावा भंडार बजरिया, कल्पतरु स्वीट्स टोंक बस स्टैंड बजरिया, वर्धमान मावा भंडार चूड़ी मार्केट बजरिया, प्रेमी मिष्ठान भंडार सवाईमाधोपुर, न्यू विजय डेरी बजरिया और लवली कैटर्स सवाईमाधोपुर के नमूने शामिल हैं। इन सभी को विभाग ने नष्ट करवा दिया है।

इनका कहना है…

खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम की टीम ने दीपावली पर सघन निरीक्षण, नमूनीकरण और जब्ती की कार्रवाई की थी। अब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संस्थानों के खिलाफ कोर्ट में चालान दायर किया जाएगा। विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में मिलावटखोरों पर नकेल कसी जा सकें।
-डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, सीएमएचओ, सवाईमाधोपुर।

Updated on:
23 Nov 2025 02:53 pm
Published on:
23 Nov 2025 02:53 pm
Also Read
View All