
फाइल फोटो- पत्रिका
गंगापुरसिटी। गैंगस्टर रोहित गोदारा तथा उसकी गैंग ने निजी अस्पताल संचालक डॉ. महेन्द्र मीना से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। राशि नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में थाना उदेई मोड़ में रिया हॉस्पिटल संचालक डॉ. महेन्द्र कुमार मीना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। चिकित्सक ने बताया कि उन्हें और उनके परिवार को अज्ञात विदेशी नम्बरों से लगातार व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। आरोपियों ने पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, 18 अगस्त को शाम 6:03 बजे डॉ. मीना के मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आया जिसमें खुद को "गोदारा" बताते हुए धमकी दी गई। इसके बाद 21 अगस्त को पुनः कॉल और वॉइस मैसेज आए। जिनमें बेटे को गोलियों से भूनने और पूर परिवार को खत्म करने की धमकी दी। आरोपियों ने खुद को रोहित गोदारा, समीर भाई और राहुल फतेहपुर बताते हुए धमकी दी। सीकर निवासी डॉ. मीना ने बताया कि धमकियों का सिलसिला लगातार जारी रहा और उनके पुत्र ऋषभ के मोबाइल पर भी कॉल व वॉइस मैसेज आए।
आरोपियों ने साफ कहा कि यदि पांच करोड़ रुपए नहीं दिए गए तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। थाना प्रभारी मदरूप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर मोबाइल नम्बरों के आधार पर अनुसंधान किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि चिकित्सक महेन्द्र मीना सीकर जिले के निवासी हैं।
राजस्थान में कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके गिरोह के नाम से धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इस साल की बात करें तो अब तक कई मामले सामने आ चुके है। जयपुर के खनन कारोबारी के पास 2 जनवरी को धमकी भरा कॉल आया था और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। इसके अलावा फरवरी में नागौर के बीजेपी नेता विजय सिंह पलाड़ा से 5 करोड़ की रंगदारी, अप्रैल में अजमेर के शराब कारोबारी जितेंद्र रंगवानी से 2 करोड़ की रंगदारी, मई में जयपुर के ज्वेलर और कारोबारी से 5-5 करोड़ की रंगदारी, जुलाई में बीकानेर के व्यापारी मनोज से 5 करोड़ की रंगदारी और जुलाई में सीकर के 2 प्रॉपर्टी कारोबारियों के पास 4 करोड़ की रंगदारी के लिए धमकी भरा कॉल आया था।
Updated on:
24 Aug 2026 09:05 am
Published on:
24 Aug 2026 09:03 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
