खंडार पंचायत समिति में कांग्रेस का दबदबा, मयंक तिलकर 16 वोट लेकर बने प्रधान
पंचायत समिति खण्डार के प्रधान पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। पंचायत समिति चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को हुए प्रधान पद के चुनाव में भी जीत दर्ज की।
खण्डार.कांग्रेस के मयंक तिलकर 16 मत प्राप्त कर प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं, भाजपा की प्रत्याशी मौसमी देवी को सात मत मिले। इस तरह कांग्रेस ने 23 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज कर पंचायत समिति में अपना एकतरफा दबदबा कायम किया।
प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मयंक तिलकर की जीत के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। मयंक तिलकर पूर्व मंत्री अशोक बैरवा तथा सवाई माधोपुर जिला प्रमुख आशा बैरवा के बेटे हैं। उनकी जीत को क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत राजनीतिक स्थिति के तौर पर देखा जा रहा है।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंचायत समिति के बाहर जश्न मनाया। वहीं समर्थकों ने पंचायत समिति कार्यालय से बड़े तालाब तक जुलूस निज्ञा। समर्थकों ने नव निर्वाचित प्रधान को माला एवं साफा पहनकार जीत की खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को बधाई दी। पंचायत समिति परिसर के बाहर उत्सव जैसा माहौल रहा।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
प्रधान पद के चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चुनाव के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में बाजार बंद रखा गया। साथ ही जगह-जगह बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित किया गया।पुलिस और प्रशासन की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कांग्रेस को मिले स्पष्ट बहुमत और प्रधान पद पर जीत से खंडार पंचायत समिति में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है।