27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sawai Madhopur / डेढ़ साल से बदहाली का दंश झेल रहा गिलाई सागर बांध, 16 मौखे क्षतिग्रस्त

डेढ़ साल से बदहाली का दंश झेल रहा गिलाई सागर बांध, 16 मौखे क्षतिग्रस्त

नायपुर. उपखंड क्षेत्र का गिलाई सागर बांध इन दिनों अपनी बदहाल है। रणथंभौर की पहाड़ियों के बीच स्थित यह बांध आसपास के दर्जनों गांवों के लिए जीवनरेखा माना जाता है, लेकिन इसकी मौजूदा हालत ग्रामीणों के…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सवाई माधोपुर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 27 Nov 2026, 4:55 PM IST

Gilai Sagar Dam

नायपुर. उपखंड क्षेत्र का गिलाई सागर बांध इन दिनों अपनी बदहाल है। रणथंभौर की पहाड़ियों के बीच स्थित यह बांध आसपास के दर्जनों गांवों के लिए जीवनरेखा माना जाता है, लेकिन इसकी मौजूदा हालत ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन गई है। बांध के 16 मौखे क्षतिग्रस्त हैं और करीब चार किलोमीटर लंबी सुरक्षा पाल भी जगह-जगह कमजोर हो चुकी है। विडंबना यह है कि करीब डेढ़ साल बीतने के बाद भी मरम्मत की कवायद धरातल पर नजर नहीं आ रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक तेज बारिश के दौरान बांध के मौखों को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद से लगातार रिसाव और सुरक्षा पाल की स्थिति खराब बनी हुई है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और प्रशासन को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों को आशंका है कि आगामी मानसून में यदि अच्छी बारिश हुई तो पानी का दबाव कमजोर हिस्सों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। ऐसे में बांध के निचले क्षेत्र में बसे गांवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बारिश में बढ़ेगी परेशानी

बांध के इटावदा डांग क्षेत्र की तरफ पानी के तेज बहाव से कटाव होने की बात सामने आई है। पानी की निकासी वाले हिस्से में बनी कच्ची पाल भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। वहीं मौखों के आसपास रिसाव की समस्या बांध की मजबूती को लेकर चिंता बढ़ा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत से काम नहीं चलेगा, बल्कि तकनीकी सर्वे करवाकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

सुरक्षा पाल पर बबूल

बांध की सुरक्षा पाल के दोनों ओर कंटीली झाड़ियों और जूलीफ्लोरा का फैलाव हो गया है। बांध के भीतर बने टापुओं पर भी इन झाड़ियों ने जगह बना ली है। ग्रामीणों के अनुसार इनकी जड़ों से पाल की संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका है। साथ ही घनी झाड़ियों के कारण वन्यजीवों के छिपे होने का डर भी बना रहता है। बाघ, पैंथर और भालू जैसे वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में रास्ते से गुजरना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा हो जाता है।

दर्जनों गांवों की निर्भरता, फिर भी अनदेखी

गिलाई सागर बांध इटावदा, गोठबिहारी, कुशलपुर और सवास सहित आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण जलस्रोत है। बांध में पानी की उपलब्धता से क्षेत्र के कुओं, तालाबों, नदियों और ट्यूबवेल का जलस्तर बनाए रखने में मदद मिलती है। ग्रामीणों ने बांध की मरम्मत के साथ गहराईकरण, जूलीफ्लोरा की सफाई और मोरी से 16 मौखों तक रास्ते को दुरुस्त करवाने की मांग की है।

गिलाई सागर बांध की क्षतिग्रस्त संरचना को लेकर विभाग गंभीर है। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए बारिश शुरू होने से पहले ही बांध की मरम्मत करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि समय रहते आवश्यक कार्य पूरा कराने का प्रयास रहेगा, ताकि बारिश के दौरान बांध की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए और ग्रामीणों को राहत मिल सके।अरुण शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल संसाधन विभाग, सवाई माधोपुर