
सवाईमाधोपुर. विधि एवं मानवाधिकार विभाग के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर सीएम के प्रस्तावित दौरे के तहत रणथम्भौर दुर्ग में हेलीकॉप्टर उतरने से वन्य जीवों के विचलित होने का ज्ञापन सौंपा है। ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल हासिब, एडवोकेट प्रेमराज मीणा, प्रशांत गुप्ता आदि ने बताया कि रणथम्भौर नेशनल पार्क में स्थित वन्य जीवों की सुरक्षार्थ सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गोदा वर्मन केस में उल्लेखित किया है कि वन्यजीवों के प्रजनन, विचरण आदि पर मानवीय गतिविधियों से पडऩे वाले प्रभाव को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। ऐसे में 16 अगस्त को सीएम के सवाईमाधोपुर में गौरवयात्रा का आगाज गणेश मंदिर स्थित रणथम्भौर दुर्ग से किया जाना प्रस्तावित है। इससे रणथम्भौर क्षेत्र में शोर होगा। इसका असर वन्यजीवों पर पड़ेगा।
थाने में निकला संाप
खण्डार. कस्बा थाना परिसर में रविवार की रात में अचानक एक सांप निकल आया। इससे थाने में अफरा तफरी मच गई। कांस्टेबल हंसराम ने सर्प को थाने से बाहर निकाल कर जंगल की ओर छोड़ा। हैड कांसटेबल राजबब्बर ने बताया कि रविवार रात अचानक थाने में सांप आ गया। जिसे देखकर शांतिभंग के आरोपी चिल्लाने लगे । तभी पहरा कांस्टेबल हंसराम ने सांप को थाने के बाहर कर जंगल में छोड़ दिया।
वाल्मीकि महिलाओं का अनशन जारी
गंगापुरसिटी. नगर परिषद सफाई भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं समेत अन्य मांगों को लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों का अनशन सोमवार को भी जारी रहा। अनशन पर आज सुबह भी समाज की महिलाएं ही बैठी। इनमें रचना देवी पत्नी रवि, पिंकी देवी पत्नी अरुण, गौरी देवी पत्नी शंकर, सविता देवी पत्नी नवाब आदि शामिल थी। मांगों को पूरी करने के लिए समाज की ओर से पिछले कई दिनों से ये अनशन किया जा रहा है। अखिल भारतीय वाल्मीकि समाज आरक्षण समिति के स्थानीय अध्यक्ष ओमप्रकाश घेंघट ने बताया कि इस मामले में प्रशासन से कई बार वार्ता हुई, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। उनकी मांगों पर कोई ध्यान देने के लिए तैयार ही नहीं है।