सवाई माधोपुर

चुनावी शोरगुल के बीच मतदान, सड़कों पर दिखा कॉलेज छात्रों का हुड़दंग

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
College in sawaimadhopur
sawaimadhopur

सवाईमाधोपुर. छात्र संघ चुनाव को लेकर शुक्रवार को कॉलेज में चुनावी शोर-शराबा रहा। जिले के प्रमुख कॉलेजों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। जिला मुख्यालय पर शहीद कैप्टेन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों में अधिक उत्साह दिखाई दिया। कॉलेज के बाहर दिनभर छात्रों की नारेबाजी हंगामा व शोर शराबा चलता रहा। विद्यार्थियों में मतदान के प्रति सुबह से ही जोश देखने को मिला।

सुबह से ही कामर्स कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर छात्रों की भीड़ नजर आई। हालांकि जिला प्रशासन ने रोडवेज डिपो व कॉमर्स कॉलेज के ठीक सामने तिराहे पर बेरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया था। इसी प्रकार वन विभाग की बुकिंग विण्डो के ठीक सामने भी बेरिकेडिंग कर छात्रों का प्रवेश बंद कर दिया था। दोनों ही रास्तों पर बेरिकेड्स के दूसरी ओर प्रत्याशियों के समर्थक टोली बनाकर अपने प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाते रहे।

पुलिस ने किए पुख्ता प्रबंध
मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हो गया था, लेकिन पुलिस प्रशासन की व्यवस्था सुबह से ही पुख्ता नजर आई। मतदान करने के लिए मतदाताओं को कॉलेज के पश्चिमी प्रवेश द्वार से प्रवेश दिया गया। यहां तक पहुंचने के लिए पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था थी। पहली बेरिकेडिंग पर सीओ सिटी सौरभ तिवारी, तहसीलदार सुरेशचंद शर्मा छात्रों को नियंत्रण करने में लगे हुए थे। । इससे आगे शहर चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह विधुड़ी व पुलिसकर्मी द्वारा मतदाताओं के परिचय पत्र जांच के बाद ही उनको आगे जाने दिया गया।

दक्षिणी द्वार पर कॉलेज प्रशासन व पुलिसकर्मियों की ओर से दो बार परिचय पत्र व फोटो का मिलान करने के बाद अंदर जाने दिया गया। वहां अपराध सहायक सतीश वर्मा, मानटाउन थानाधिकारी मुकेशचंद शर्मा व कॉलेज व्याख्याता मौजूद थे। कॉलेज परिसर में पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण वासुदेव सिंह, व एसडीएम लक्ष्मीकांत कटारा, कोतवाली थानाधिकारी प्रमोद शर्मा, कुण्डेरा चौकी प्रभारी भरत सिंह, सूरवाल थानाधिकारी भंवर सिंह , कॉलेज प्राचार्य डॉ. हरलाल मीणा सुरक्षा व्यवस्था क ी कमान संभाले हुए थे। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लक्ष्मणदास स्वामी व एसडीएम कटारा रणथम्भौर सर्किल से पीजी कॉलेज परिसर तक गश्त करते रहे थे।

Published on:
31 Aug 2018 07:12 pm
Also Read
View All