
सवाई माधोपुर। किसान संघ ने जिले में अतिवृष्टि से खराब फसलों की गिरदावरी कराने की मांग को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों की गिरदावरी कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि जिले के खंडार, चौथ का बरवाड़ा सवाई माधोपुर तहसील में अतिवृष्टि से उड़द-मूंग की फसल चौपट हो गई है। पूर्व में बारिश व अभी हो रही बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया है। इसलिए पूरी तरह खराब हो चुकी है पानी में तैर रही है। किसान संघ जिला अध्यक्ष रामअवतार मीणा ने बताया कि पूर्व में 10 सितंबर को गिरदावरी के लिए संगठन की ओर से ज्ञापन दिया गया था लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इससे सभी किसानों में नाराजगी है उन्होंने बताया कि किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। किसानों ने किसानों का कर्ज माफ करने, विद्युत बिल माफ करने आदि की मांग की। उन्होंने बताया कि किसानों की मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
ये लगे नारे
किसानों ने एक रैली निकाल कर अपनी मांगें पूरी करने की अपील की। इस दौरान किसान उकता जिंदाबाद और कौन बनाता हिंदुस्तान, भारत का मजदूर किसान जैसे नारे लगाए। ये किसान अपनी खराब हो चुकी फसल का नमूना लेकर रैली निकाल रहे थे। रैली में किसान परिवारों की महिलाएं भी शामिल हुईं।
आपको बताते चलें कि राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश के बीना जिले में भी लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र में उड़द की फसल खराब हो गई है, जिससे किसानों की लागत भी नहीं निकल रही है। किसान सोमवार को खराब फसल हाथों में लेकर तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। साथ ही सर्वे और मुआवजा की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि उड़द की फसल में दाने ही नहीं निकल रहे हैं। जो लागत किसानों ने लगाई है, वह भी नहीं निकल पा रही है।