सवाई माधोपुर

बंदूक की नोंक पर डकैतों ने किसानों से की मारपीट

बंदूक की नोंक पर डकैतों ने किसानों से की मारपीट
less than 1 minute read
डकैतों को तलाश करती पुलिस टीम व लोग।
खण्डार के जंगलों में डकैतों को तलाश करती पुलिस टीम व लोग।

खण्डार/नायपुर. बहरावंडा कलां थाने के ग्राम कुरेडी में बुधवार रात खेत में रखवाली कर रहे किसानों के साथ हथियारबंद डकैतों ने मारपीट की। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद डकैत वहां से फरार हो गए। काफी देर तक पुलिस के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में रोष है। कुरेडी ग्राम में रात को 9 बजे ग्राम के जगमोहन पुत्र बजरंगा जाट व बजरंगा पुत्र बिहारी जाट अपने खेत पर रखवाली करने पहुंचे। दोनों किसान के आसपास में खेत थे। अचानक जगमोहन के खेत पर तीन हथियारबंद डकैत आ पहुंचे तथा जगमोहन के साथ मारपीट करने लगे। जगमोहन के चिल्लाने पर उन्होंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। पास ही खेत पर रखवाली कर रहे बजरंगा जाट ने गांव में फोन पर सूचना देकर ग्रामीणों को बुला लिया। किसानों के आने की आहट पर डकैतों ने हवाई फायर किए तथा वहां से फरार हो गए। इसके बाद बहरावंडा कलां पुलिस को सूचना दी, लेकिन बहरावंडा कलां पुलिस के काफी देर तक नहीं पहुंचने पर लोगों में रोष हो गया।


ग्रामीणों में दहशत
सरपंच ने बताया कि हथियारबंद लोगों के आने से तथा गांव के ही व्यक्ति के साथ मारपीट करने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण अपने खेतों पर रखवाली करने जाने से भी कतरा रहे हैं। सरपंच ने बताया कि पूर्व में भी क्षेत्र में हथियारबंद लोगों के आने का क्रम बना हुआ था।


देर रात को तीन अज्ञात लोगों की ग्रामीणों ने सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई अज्ञात लोग नहीं मिले। मामले को लेकर बहरावंडा पुलिस जांच में जुटी हुई है। रात में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
हेमेंद्रसिंह चौधरी, थानाधिकारी, बहरावंडा कला


सरपंच ने बताया कि गांव में डकैतों के द्वारा लोगों पर फायरिंग की गई हैं। पुलिस मौके पर पहुंची है।
रामसहाय बैरवा, सरपंच, ग्राम पंचायत कुरेड़ी

Published on:
18 Jan 2019 01:30 pm
Also Read
View All