सवाई माधोपुर

डीआईजी जेल ने किया उप कारागृह का निरीक्षण

डीआईजी जेल ने किया उप कारागृह का निरीक्षण
less than 1 minute read
 जेलकर्मियों को निर्देश प्रदान करते डीआईजी जेल।
गंगापुरसिटी उप कारागृह के निरीक्षण के दौरान जेलकर्मियों को निर्देश प्रदान करते डीआईजी जेल।

गंगापुरसिटी. उप कारागृह में दो दिन पहले सहकर्मी द्वारा जेल प्रहरी से मारपीट के मामले के बाद सोमवार को डीआईजी जेल जयपुर रेंज किशन सहाय यहां पहुंचे। उन्होंने सुबह उप कारागृह का निरीक्षण किया। साथ ही बंदियों से मुलाकात कर जेलकर्मियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए। डीआईजी सुबह करीब 11 बजे उप कारागृह पहुंचे और सबसे पहले बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से मुलाकात की और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने जेलकर्मियों को जेल सुरक्षा सहित अन्य बिन्दुओं पर दिशा-निर्देश प्रदान किए। कार्यवाहक उप कारापाल व हैड कांस्टेबल अजयसिंह से नए जेल के भूमि के सम्बन्ध सहित जेल की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


होगी विभागीय जांच
डीआईजी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जेल में किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली है। जेल प्रहरी से मारपीट के मामले में उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में उदेई मोड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। वहीं इस मामले में विभागीय जांच भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मारपीट के आरोपी जेल प्रहरी को फिलहाल यहां से हटा कर सेवर लगा दिया गया है। गौरतलब है कि शनिवार रात अवकाश विवाद को लेकर जेल प्रहरी हरकेश मीना ने साथी जेल प्रहरी ओमप्रकाश बैरवा के साथ लाठी से मारपीट की थी। इसके बाद डीआईजी औचक निरीक्षण के लिए यहां पहुंचे थे।


नहीं लगाए जाति नेम प्लेट
डीआईजी ने जेल कर्मियों को निर्देश दिए कि कोई भी जेलकर्मी जातिसूचक शब्दों वाली नेम प्लेट नहीं लगाए। उन्होंने कहा कि इस पर सख्ती रखी जाएगी। इसके बाद जेलकर्मियों ने जातिसूचक वाली कई नेम प्लेट को तोड़ दिया।

Published on:
15 Jan 2019 12:47 pm
Also Read
View All