
सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के जोन दस के समीप स्थित झोझेश्वर महादेव पिकनिक स्पॉट पर शनिवार को पिकनिक मनाने गए एक परिवार की दो बच्चियों की जान वहां मौजूद एक ड्राइवर ने बचा ली। रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के उपवन संरक्षक अजीत सक्सेना ने बताया कि वह अपने कु छ साथियों के साथ पिकनिक मनाने के लिए झोझेश्वर महादेव गए थे। वहां लोग कुण्ड में नहा रहे थे । नहाते समय एक मुस्लिम परिवार की दो बच्चियां अचानक पैर फिसलने से पानी में गिर गई और डूबने लगीं।
बच्चियों के शोर मचाने पर वहां डीएफओ के साथ गए ड्राइवर हनुमान राणा बिना सोचे समझे बच्चियों को बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा और बच्चियों का हाथ पकड़कर उन्हें पानी से बाहर ले आया।
किसी ने नहीं दिखाई हिम्मत
ड्राइवर हनुमान राणा ने बताया कि उसे ढंग से तैरना नहीं आता। बच्चियों के शोर मचाने के समय वहां करीब बीस लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने हिम्मत नहीं की। बच्चियां डूब जातीं। इसके लिए मैंने कोशिश करने का निर्णय लिया।
बहादुरी अवॉर्ड के लिए भेजा जाएगा नाम
हनुमान की इस बहादुरी के लिए अब वन विभाग उसका नाम ब्रेवरी अवॉर्ड के लिए भेजने पर विचार कर रहा है। उपवन संरक्षक अजीत सक्सेना ने बताया कि विभाग पर 15 अगस्त पर हनुमान को सम्मानित करने के लिए उसका नाम जिला कलक्टर के पास भेजेंगे।
बारिश से ढहा मकान
बाटोदा. सुंदरी गांव में रविवार सुबह हुई बारिश में एक कच्चा घर ढह गया। गांव के भवानी मीना ने बताया कि रविवार सुबह तेज बारिश के चलते प्रजापत मोहल्ले में रहने वाले सुरेश पुत्र हीरालाल प्रजापत का कच्चा घर ढह गया। उस समय वे दूर छप्परपोश में बैठे हुए थे।
शिवकुण्ड नाले एवं मांजरा खाळ में उफान
भगवतगढ़. गांवों में रविवार को अच्छी वर्षा होने से नालों में उफान आने के साथ ही तालाबों में पानी की अच्छी आवक हुई। कस्बे में रविवार को करीब दो बजे से हल्की बरसात शुरू हुई ,जो लगातार चलती रही। शाम को करीब साढ़े चार बजे से तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब एक घण्टे तक चलता रहा। बारिश से कस्बे में बस स्टैंड के पास स्थित पीले तालाब, चौथ का बरवाड़ा रोड पर स्थित शिव तालाब एवं कस्बे के बंधा गांव के पास स्थित बांध में पानी की अच्छी आवक हुई। वहीं चौथ का बरवाड़ा रोड स्थित शिवकुण्ड नाले एवं मांजरा खाळ उफान पर रहा। मानपुर पुलिया के ऊपर से पानी बहने से राहगीरों को परेशानी रही।