
खिरनी. कस्बे में कई माह से मुस्लिम मोहल्ला, महावर बस्ती, सैनी मोहल्ला सहित कई कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
इसके कारण नालियों में कचरा जमा हो रहा है। लोगों के घरों का गंदा पानी की निकासी नहीं होने से कीचड़ सड़क पर फैल रहा है। ग्रामीण असगर खां, फैयाज खान, अकरम, राजेंद्र महावर ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार ग्राम पंचायत में सरपंच व सचिव को कर चुके हैं, लेकिन पंचायत सफाई के प्रति गंभीर दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से समय पर सफाई व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है।
कार्यशाला आयोजित लेखाकारों ने साझा किए अनुभव
सवाईमाधेापुर. नव नियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों के एक वर्ष के परिवीक्षा काल के पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। राजस्थान लेखाकार संगठन के संरक्षक डॉ. नगेन्द्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लेखाकारों ने एक दूसरे से अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में महिला लेखाकारों ने भी उत्साह से भाग लिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राधेश्याम प्रजापति, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हुकुम सोनी, उपाध्यक्ष गोविंद गोयल, सुनिता यादव, पूजा गंगवाल, विनीता ओझा, कविता मीणा, पपीता मीणा, अंतिमा अग्रवाल, सोमन सोनी, हनुमान गुप्ता, सुरेश मीणा,राजेश मीणा, दीपक ओझा व राजकुमार मंगल आदि मौजूद थे।
सीसी सड़क नहीं बनने से हो रही गंदगी
खण्डार . कस्बे में खटीक मोहल्ले में सीसी सड़क नहीं बनने से गंदगी का आलम बना हुआ है। ग्रामीण गजानन्द, गिर्राज चन्देल, राजा चन्देल, ताराचन्द आदि ने बताया कि कस्बे के करीब सभी मोहल्लों में सीसी व इन्टरलॉकिंग सड़क है। खटीक मोहल्ला में सीसी सड़क व इंटरलॉकिंग सड़क नहीं होने से गंदगी बढ़ रही है। मोहल्ले में जगह-जगह लोगों ने अतिक्रमण कर रखे हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर परेशानी को हल करने की मांग की है।
वसूला डेढ़ लाख का जुर्माना
सवाईमाधोपुर. सीसीएम दल व स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने गुरुवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दल ने कई टे्रनों का औचक निरीक्षण कर बेटिकट यात्रियों की धरपकड़ की। बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुल 405 बेटिकट यात्रियों से एक लाख 51 हजार 580 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।