
गंगापुरसिटी . पीलोदा स्टेशन के पास शनिवार को समपार फाटक संख्या 189 पर ड्यूटी पर तैनात गेटमैन कैलाशचंद योगी पर स्थानीय व्यक्ति की ओर से किए गए प्राणघातक हमले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर रेलकर्मियों का बुधवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। गिरफ्तारी नहीं होने से रेल कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है।
इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थल पर विरोध-प्रदर्शन काले रिबन बांधकर ड्यूटी की। श्रीमहावीरजी, पीलोदा, उदेई, गंगापुरसिटी, लालपुर-उमरी, नारायणपुर-टटवाड़ा, मलारना एवं निमोदा स्टेशन पर ट्रेक मेंटेनरों ने अपने कार्यस्थल पर एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही विरोधस्वरूप बाजू पर काला रिबन बांधा।
इसी प्रकार कोटा मंडल भवानी मंडी, रामगंज मंडी, बारां एवं छबड़ा आदि स्टेशनों पर भी इस घटनाक्रम को लेकर ट्रेक मेंटेनरों में आक्रोश रहा। रेलकर्मियों का कहना है कि यह आंदोलन कभी भी बड़ा रूप ले सकता है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने कहा कि इस मामले में यूनियन कोताही नहीं बरतेगी। गिरफ्तारी नहीं होने की दिशा में कोई भी बड़ा आंदोलन करने के लिए हम तैयार हैं। इंजन ब्लॉक के कर्मचारियों से आह्वान किया है कि कि वह किसी भी क्षण बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें।