
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर सबसे महत्वपूर्ण माना जाने वाला अभय कमाण्ड सेंटर का काम धीमी गति से चल रहा है। बीते छह माह से चल रहा काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। सेंटर का काम कर रही कंपनी (ओरिएण्ट प्रो)भी कार्य में ढिलाई बरत रही है। ऐसे में शहरवासियों की सुरक्षा को नजर अंदाज किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय पर पल-पल की गतिविधि पर कैमरे से नजर रखने के उद्देश्य से पुलिस व सूचना प्रौद्योगिकी व संचार विभाग की ओर से जिला मुख्यालय पर कैमरे लगाए जाने थे, लेकिन अधिकारियों की ढिलाई के चलते अभी तक पूरे कैमरे चालू नहीं हो पाए हैं, जबकि अधिकारी दिसम्बर 2018 तक शहर के प्रमुख चौराहे व सर्किलों पर कैमरे लगाने का दावा कर रहे थे। शहर में अभय कमाण्ड सेंटर के तहत करीब छह महीने पहले 400 सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन अब तक काम अधूरा है।
ये हैं प्रमुख पाइंट :
जिला मुख्यालय पर शहर, आलनपुर, कलक्ट्रेट, बजरिया, आदर्श नगर, सीमेंट फैक्ट्री, रीको औद्योगिक क्षेत्र, रणथम्भौर सर्किल आदि स्थानों व चौराहे शहर के मुख्य पाइंट है। इनमें मुख्य रूप से चारों तरफ से शहर में प्रवेश व निकासी वाले स्थानों के अलावा मुख्य चौराहों के साथ धार्मिक-सामाजिक व राजनैतिक रूप से निकलने वाले जुलूस, रैलियों के साथ संवदेनशील व अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से निगाह रखने की आवयश्यकता है।
30 कैमरे ही चालू
विभाग की अनदेखी का आलम ये है कि शहर में बीते छह माह में केवल 30 कैमरे ही चालू हो पाए हैं। वर्तमान में इनकी मॉनिटरिंग भी भरतपुर मुख्यालय से हो रही है, जबकि 121 पॉइंटों पर 130 कैमरे लगाए जा चुके हैं। कई बड़े सर्किल व चौराहे पर पोल के दोनों साइड में कैमरे लगाए गए हैं, तो छोटे स्थानों पर सिंगल कैमरे लगे है।
-जिला मुख्यालय पर 121 पाइंटों पर 130 कैमरे लग चुके हैं। चुनाव के चलते थोड़ी देरी हुई है। कंपनी ठेकेदार को पाबंद कर शीघ्र सीसीटीवी कैमरे चालू कराए जा रहे हैं।
प्रदीप शर्मा, उपनिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, सवाईमाधोपुर