सवाई माधोपुर

बायो गैस प्लांट लगाने में नहीं रूझान,अब तक एक भी नहीं मिला आवेदन

बायो गैस प्लांट लगाने में नहीं रूझान,अब तक एक भी नहीं मिला आवेदन
2 min read
patrika
आलनपुर सर्किल पर संचालित पशुपालन विभाग।


सवाईमाधोपुर. सरकार ने भले ही गोशालाओं में बायो गैस प्लांट लगाने पर अनुदान देने की योजना शुरू की हो लेकिन पशुपालन विभाग की ढिलाई के चलते योजना का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं हो सका। यही वजह है कि गोशालाओं में बायोगैस से पशु आहार पकाने के उद््देश्य से शुरू की गई योजना धरातल पर साकार नहीं हो रही है। स्थिति ये है कि पशुपालन विभाग ने 10 अगस्त तक गोशाला संचालकों से अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन मांगे थे लेकिन एक भी आवेदन नहीं आया।
दरअसल, राज्य सरकार ने गोशालाओं में बायो गैस से पशु आहार पकाने के उद्््देश्य से बायो गैस प्लांट योजना शुरू की थी, ताकि बायो गैस प्लांट से प्रदूषण नहीं हो एवं लकड़ी की बचत हो सकें। इसके लिए एक गोशाला को 40 लाख रुपए का अनुदान भी देय था लेकिन अधिकतर गोशाला प्रबंधकों को योजना के लाभ के बारे में जानकारी तक नहीं है। इससे वे आवेदन नहीं कर पा रहे है। पशुपालन विभाग के अधिकारी भी इसको लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में गोशाला संचालक कोई रूचि नहीं दिखा रहे है।

एक हजार गोवंश होना जरूरी
बायो गैस प्लांट अनुदान प्राप्त करने के लिए गोशाला में कम से कम एक हजार गोवंश होना जरूरी है। गोशाला की खुद की 25 बीघा भूमि भी होना चाहिए। संयंत्र संचालन के लिए गोशाला के पास पानी व गोबर की उपलब्धता होनी चाहिए। वहीं 31 मार्च 2016 से पूर्व गोशालाओं का पंजीयन होना चाहिए। बायो गैस के लिए लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 40 लाख रुपए का अनुदान देय है।

पशुओं के लगेगा टैग
गोशालाओं में सभी पशुओं पर टैग लगाया जाएगा। टैग के माध्यम से पशुओं की खोज एवं गणना भी आसानी से होगी लेकिन जिले में पंजीकृत गोशाला संचालक अभी तक लाभ से वंचित है।

इस तहत मिलना था लाभ
योजना के तहत विद्युत क्षेत्र में गोशालाएं आत्मनिर्भर होगी। इससे गोशाला में जेनरेटर चल सकेगा। गोशालाओं में लाइट भी जलाई जा सकेगी। इससे बिजली का खर्च बचेगा। इसके साथ ही जैविक खाद बनेगी। इसे बेचने से गोशाला को अतिरिक्त आय होगी।
जिले में पंजीकृत 16 गोशाला
जानकारी के अनुसार जिले में 16 पंजीकृत गोशालाएं संचालित है। इसके अलावा चार गोशालाएं अपंजीकृत है।
...........
कर रहे है प्रचार-प्रसार
जिले से गोशाला में बायो गैस प्लांट के लिए अब तक एक भी आवेदन नहीं आया है। योजना का प्रचार-प्रसार कर आवेदन लिए जा रहे है।
डॉ.ज्योति गुप्ता, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुपालन विभाग सवाईमाधोपुर

Published on:
20 Aug 2018 03:55 pm