
सवाईमाधोपुर. जिले में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए गत दिनों मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विद्युत शिकायत निवारण केन्द्र शुरू किया था। साथ ही विद्युत निगम अधिकारियों को शिकायतों का तुरंत निस्तारण के निर्देश भी दिए, लेकिन सीएम के आदेश के बाद भी शिकायत निवारण केन्द्र उपभोक्ताओं के लिए कागजी खानापूर्ति साबित हो रहा है। शनिवार रात को जिला मुख्यालय की विभिन्न कॉलोनियों की विद्युतापूर्ति रात करीब दस बजे ठप हो गई।
इसके बाद लोगों ने निगम अधिकारियों व कंट्रोल रूम पर सूचना की, लेकिन कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी में रात गुजारनी पड़ी। गौरतलब है कि पूर्व में राज्य स्तरीय टॉल फ्री नम्बर पर उपभोक्ता विद्युत संबंधी शिकायत दर्ज कराते थे। ऐसे में कई घंटों तक शिकायत का निराकरण नहीं होता था। इसके बाद सरकार की ओर से अब उपखण्ड स्तर पर शिकायत निराकरण केन्द्र स्थापित किया था।
छह घंटे होते रहे परेशान : शनिवार रात को फॉल्ट आने से भोपालनगर, चकचैनपुरा व आदर्शनगर बी की बिजली गुल हो गई। इस पर उपभोक्ता राधेश्याम, राकेश, फूलचंद, सीताराम आदि ने विद्युत निगम के कंट्रोल रूम 07462 220337, 9413391206 पर कई बार अलग-अलग फोन लगाया। यहां से कर्मचारी ने जिला स्तरीय शिकायत निवारण केन्द्र के मोबाइल नम्बर 6376917562 दिया। यह नम्बर रातभर कवरेज क्षेत्र से बाहर रहा। अंत में लोगों ने सुबह साढ़े चार बजे जैसे तैसे विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को फोन नम्बर लेकर उन्हें विद्युत संबंधी शिकायत की। उनसे शिकायत करने के दो घंटे बाद करीब साढ़े छह बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी।
यह है डिवीजन के शिकायत निवारण केन्द्र नम्बर
जिला स्तरीय शिकायक केन्द्र निवारण के मोबाइल नम्बर 6376917562 है। इस नम्बर पर आई शिकायत का जिला मुख्यालय से निराकरण कराया जाएगा। इसके अलावा विकास सुपरवाइजर 6376917464, गंगापुर ए प्रथम 6376917366, गंगापुर ए द्वितीय 6376917367, सवाईमाधोपुर ए प्रथम 6376917383, सवाईमाधोपुर ए द्वितीय 6376917379, बामनवास 6376917368, चौथकाबरवाड़ा 6376797381, खण्डार 6376797382, बौंली 6376917380 नम्बर है। इन पर फोन करने पर शीघ्र समस्या का निराकरण होना है।
एईएन, जेईएन नहीं उठाते फोन
उपभोक्ताओं ने बताया कि रात दस बजे बाद बिजली गुल होने पर विद्युत निगम के सहायक अभियंता व मानटाउन, चकचैनपुरा के कनिष्ठ अभियंता को कई बार फोन लगाया, लगातार उनके फोन पर घंटी जा रही थी, लेकिन उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा। लोगों ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब ऐसा हुआ है। पूर्व में भी कई बार मानटाउन व चकचैनपुरा के जेईएन को फोन करते हैं, लेकिन वे फोन नहीं उठाते। जबकि कार्यालय में मौजूद कर्मचारी उनकी सुनते नहीं है। उन्होंने जिला कलक्टर व एसई से निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को समस्या का समय पर निराकरण करने के लिए पाबंद करने की मांग की है।
जांच कराएंगे..
मुझे सूचना मिलते ही कुछ देर बाद विद्युत सप्लाई चालू करा दी गई है। कंट्रोल रूम नम्बरों व अन्य अधिकारी कर्मचारियों द्वार फोन नहीं उठाने के मामले की जांच कर रहे है। साथ ही उन्हें बिजली सबंधी शिकायतों का 24 घंटे प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए हैं।
मूलचंद, अधीक्षण अभियंता जयपुर विद्युत वितरण निगम सवाईमाधोपुर।