सवाई माधोपुर

जानेगी टीम : टीचर ने क्या पढ़ाया, बच्चों ने क्या सीखा, हर गतिविधि पर होगी पैनी नजर

ब्लॉक में शुरू होगा पैनल निरीक्षण
2 min read
जानेगी टीम : टीचर ने क्या पढ़ाया, बच्चों ने क्या सीखा, हर गतिविधि पर होगी पैनी नजर
गंगापुरसिटी . सीबीईओ कार्यालय।

गंगापुरसिटी. कक्षा में बच्चों को क्या पढ़ाया और बच्चों ने क्या सीखा। कालांश में बच्चों की क्या जिज्ञासा रही। शिक्षक ने पाठ पढ़ाते समय बच्चों को क्या बेहतर समझाया। स्कूल में पढ़ाई का वातावरण कैसा है और सफाई व्यवस्था के क्या हाल हैं। राजकीय स्कूलों में इन सभी चीजों की निगरानी अब एक पैनल करेगा, जो बारीकी से सभी चीजों को देखकर समीक्षा के बाद स्टाफ को सुधार संबंधी नसीहत देगा। यह नवाचार ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से इस नवम्बर माह में 'पैनल निरीक्षणÓ के तहत स्कूलों में सुधार के लिहाज से किया जाएगा।

नवाचार के तहत एक अधिकारी समेत विशेषज्ञों की टीम सुबह ही स्कूल पहुंचेगी, जो प्रार्थना सभा से लेकर स्कूल की छुट्टी होने तक सभी गतिविधियों को देखेगी। यह कार्यक्रम माह में पांच स्कूलों में चलेगा। इसमें शिक्षा के साथ स्कूल की लेखा संबंधी, साफ-सफाई एवं मिडडे मील संबंधी सभी चीजों को बारीकी से निहारा जाएगा। इसके बाद निरीक्षण कार्य की हाथोंहाथ समीक्षा भी की जाएगी। इसमें संबंधित की कमियों को मौके पर ही बताकर सुधार के लिए कहा जाएगा। साथ ही बच्चों से भी पढ़ाई संबंधी जानकारी लेकर शिक्षकों को बेहतर शिक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे स्कूल का परीक्षा परिणाम बेहतर हो सके।

कालांश में मौजूद रहेगी टीम
पैनल निरीक्षण के लिए जाने वाली टीम कालांश के दौरान क्लास रूम में उपस्थित रहेगी। इसमें खास तौर से क्लास में पढ़ाए जाने वाले विषय का विशेषज्ञ मौजूद रहेगा, जो अध्यापक के पढ़ाने के तरीके के साथ बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को जानेगा। टीम 35 या 40 मिनट के पीरियड में मौजूद रहकर सारी गतिविधियों को देखकर समीक्षा में संबंधित को सुधार के बारे में नसीहत देगी।

पहले दी जाएगी सूचना
निरीक्षण को जाने वाले टीम पूरे दिन विद्यालय में रुकेगी, जो प्रार्थना सभा के समय ही पहुंच जाएगी। टीम के पहुंचने की सूचना विद्यालय के मुखिया को पहले ही दी जाएगी। टीम यहां बच्चों को दिए जाने वाले दूध, मिडडे मील, खेलकूद, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, रसोई घर, खाना वितरण व्यवस्था, मिडडे मील मीनू सहित सभी गतिविधियों को जानेगी।
यह देखेगी टीम
-स्कूल की शैक्षिक गतिविधि
-सहायक गतिविधि (खेलकूद)
-सफाई कार्य (शौचालय, मिडडे मील, रसोई, क्लास रूम, कार्यालय आदि)
-ऑनलाइन फीडिंग कार्य
-कक्षा शिक्षण कार्य (प्रति शिक्षक)
यह होंगे टीम में शामिल
-सीबीईओ या एसीबीईओ
-प्रिंसीपल (निरीक्षण वाले स्कूल से अलग)
-एक किसी भी विषय का विशेषज्ञ
-लेखा शाखा से एकाउंटेंट
ब्लॉक में यह नवाचार विद्यालयों की बेहतरी के लिए किया जा रहा है। इससे विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार आएगा। साथ ही पढ़ाई का माहौल बन सकेगा। इससे बच्चों और शिक्षक दोनों को ही लाभ मिलेगा।
महेशचंद मीना, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गंगापुरसिटी

Updated on:
06 Nov 2019 12:41 am
Published on:
06 Nov 2019 12:41 am
Also Read
View All