
बामनवास . रिवाली गांव में चतुर्भुजजी के गेट के समीप कुछ लोगों की ओर से चारागाह भूमि पर जबरन किए जा रहे पक्के अतिक्रमण को शुक्रवार सुबह गिरदावर पटवारी ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया। वहीं संबंधित को निर्माण न कराने के लिए पाबंद कर तीन दिवस में निर्माण सामग्री मौके से हटा लेने के निर्देश दिए गए। इसके बाद निर्माण सामग्री जब्त कर ली जाएगी। पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
गौरतलब है कि गुरुवार रात को कुछ लोगों द्वारा चारागाह भूमि पर पक्का अतिक्रमण की गरज से निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार सुबह गिरदावर हरकेश मीना तथा पटवारी सुमेर सिंह मौके पर पहुंचे। राजस्व रिकार्ड से जांच के दौरान उक्त निर्माण आराजी खसरा नम्बर 784 रकबा 1.70 किस्म भूमि चारागाह के अधीन पाया गया। जिस पर मौके पर मौजूद अतिक्रमी को बुलाकर उसे निर्माण न करने के लिए पाबंद कर दिया गया। पटवारी के अनुसार अतिक्रमी को 4 नवम्बर तक मौके से निर्माण सामग्री हटा लेने के लिए कहा गया। इसके बाद निर्माण सामग्री सरकारी स्तर पर जब्त कर ली जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमियों द्वारा नाजायज रूप से चतुर्भुज मंदिर रोड के लिए बनाए गेट के दोनों तरफ पक्का निर्माण शुरू कर दिया गया। यदि समय रहते प्रशासन नहीं पहुंचता तो ग्रामीणों के आपस में उलझने की भी स्थिति पैदा हो सकती थी। अतिक्रमियों को पाबंद कर काम बंद कराने की कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत रिवाली के सरपंच मनोज शर्मा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामलखन गुर्जर, ईश्वर मल शर्मा, मिश्री लाल गुर्जर, बंशीलाल गुर्जर, प्रभूदयाल गुर्जर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।