
सवाईमाधोपुर। मानटाउन थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विस्फोटक का परिवहन करते दो लाेगाें को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 813 जिलेटिन की छड़े, डाइनामाइट बट्टी, 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट एवं 150 फ्यूज वायर बरामद किए गए।
आरोपियों को विस्फोटक से भरी जीप लाखेरी में सुपुर्द की गई थी, जिसे उनको गंगापुरसिटी में डिलीवर करना था। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर जिला मुख्यालय के खैरदा पुलिया पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान जीप आती दिखी। जीप को रुकवाकर तलाशी ली गई तो इसमें भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ पाया गया।
इस पर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मानसिंह मीना निवासी ग्वारिकी हुड़ला (महुआ) एवं दूसरे का नाम छुट्टन खान निवासी निसूरा (महावीरजी) बताया।
आरोपी ने पूछताछ में विस्फोटक गंगापुरसिटी में किसी को डिलिवरी करने की जानकारी दी। पुलिस ने देर शाम गिरफ्तारी बताते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। दल में उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, हेड कांस्टेबल वीरसिंह, हेमंतकुमार, सोसाईलाल, कांस्टेबल लखनलाल, भीमसिंह, रामस्वरूप, हरिओम, सियाराम व राजरूप शामिल थे।
अवैध खनन में होता है इस्तेमाल
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि विस्फोटक से भरी गाड़ी उनको लाखेरी में सुपुर्द की गई थी। गंगापुरसिटी में उनको डिलिवरी देनी थी। गंगापुरसिटी में यह विस्फोटक इकट्ठा किया जाता है।
यहां से धौलपुर, भरतपुर व करौली के खनन इलाकों में यह सप्लाई किया जाता है। आशंका है कि विस्फोटक का इस्तेमाल अवैध खनन के लिए किया जाता है। समाजकंटकों को भी विस्फोटक उपलब्ध कराए जाने की आशंका है।
गंगापुरसिटी पुलिस सक्रिय
गंगापुरसिटी से अवैध विस्फोटक के कारोबार का संचालन किया जाता है। टेलीफोन पर ही आर्डर कर माल मंगाया जाता है। पुलिस ने जीप मालिका का पता कर लिया है। उसके खिलाफ अवैध विस्फोटक रखने के मामले स्थानीय थाने में दर्ज है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इधर, गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।