Patwari To RAS Officer Journey: राजस्थान की बेटी नीलम मीणा ने सफलता का इतिहास रच दिया है। पटवारी, SI और स्कूल व्याख्याता बनने के बाद अब नीलम ने RAS परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पढ़िए उनकी प्रेरक कहानी।
Neelam Meena RAS Success Story: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा घोषित किए गए आरएएस (RAS) भर्ती परीक्षा के परिणाम ने कई युवाओं के सपनों को उड़ान दी है, लेकिन इसमें एक नाम ऐसा है जिसकी सफलता की गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। यह कहानी है ग्राम पंचायत चौंडीयावास की रहने वाली नीलम मीणा की, जिन्होंने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता का ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है कि आज हर कोई उनकी मिसाल दे रहा है। वह सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायत चौंडीयावास की निवासी हैं।
नीलम मीणा की यह यात्रा केवल एक परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर आगे बढ़ने की एक प्रेरणादायक दास्तां है। बहुत ही कम उम्र में नीलम ने सरकारी नौकरियों की मानों लाइन लगा दी थी। आरएएस अफसर बनने से पहले वे एक-दो नहीं, बल्कि चार अलग-अलग पदों पर चयनित हो चुकी हैं। नीलम ने अपने करियर की शुरुआत राजस्व विभाग में पटवारी के रूप में की थी। लेकिन वे यहीं नहीं रुकीं। उनकी प्रतिभा और मेहनत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने राजस्थान सब-इंस्पेक्टर (SI) जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में भी सफलता हासिल की। इसके बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र की ओर रुख किया और द्वितीय श्रेणी अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं देना शुरू किया।
नीलम की सफलता का सफर थमा नहीं। इसी साल अप्रैल 2026 में उनका चयन अंग्रेजी विषय से स्कूल व्याख्याता के पद पर हुआ। अभी इस सफलता का जश्न थमा भी नहीं था कि आरएएस परीक्षा के परिणाम ने उनकी उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए। एक के बाद एक पांच सरकारी नौकरियां बदलना और अंततः प्रदेश की प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयनित होना नीलम के अटूट विश्वास को दर्शाता है।
नीलम मीणा की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे चौंडीयावास गांव और मीणा समाज में गौरव की लहर है। सोशल मीडिया पर नीलम को बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नीलम ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में ईमानदारी हो, तो ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी आसमान छू सकती हैं। उनकी यह कामयाबी उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी या असफलताओं के डर से अपने कदम पीछे खींच लेते हैं। आज नीलम मीणा न केवल एक अधिकारी हैं, बल्कि संघर्ष और सफलता का एक सशक्त पर्याय बन चुकी हैं।