सवाई माधोपुर

शहर में 15 केन्द्रों पर कड़ी जांच के बीच हुई आरएएस परीक्षा

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
 परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर परीक्षा केन्द्र के बाहर परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी।

सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा(आरएएस)रविवार को सुबह दस से दोपहर एक बजे तक पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच सम्पन्न हुई। 15 केन्द्रों पर आरएएस परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। जानकारी के अनुसार परीक्षा में कुल 5 हजार 273 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 4 हजार 194 परीक्षार्थियों ने दी, जबकि 1 हजार 79 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केन्द्रों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।


फ्रैण्डशिप-डे पर युवा रहे परेशान
इधर, परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह नौ बजे ही इंटरनेट सेवाएं बंद हो गईं। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेषतौर पर रविवार को फ्रैण्डशिप-डे होने से युवाओं को चार घंटे तक इंटरनेट की सुविधाएं नहीं मिल सकी। इससे वे खासे परेशान दिखाई दिए। इंटरनेट बंद होने से मोबाइल शो पीस बने रहे। सभी कम्पनियों की इंटरनेट सेवा बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। दोपहर एक बजे परीक्षा समाप्ति के बाद इंटरनेट सेवाएं सुचारू हुईं। इसके बाद उपभोक्ताओं के मोबाइल में संदेश आने शुरू हुए। इससे पहले सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों के केन्द्रों के बाहर आने का सिलसिला शुरू हो गया। परीक्षा केन्द्रों के बाहर प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की जांच की गई। परीक्षा केन्द्रों के बाहर पुलिस जाप्ते की ओर से परीक्षार्थियों को अच्छे जांच-परख कर ही अंदर प्रवेश दिया गया। कई महिलाओं की पायजेब, नाक की बाली, मोटे चूड़े, जूते, बेल्ट, शर्ट उतरवाए गए। बैग व अन्य सामान को बाहर ही रखवाया गया।


बस-ट्रेनों में रही भीड़
आरएएस परीक्षा छूटने के बाद केन्द्रों के बाहर परीक्षार्थियों की रेलमपेल रही। परिजन भी परीक्षार्थियों को केन्द्रों के बाहर लाते-ले जाते दिखाई दिए। इधर, परीक्षा के बाद बस-ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ रही। परीक्षा समाप्ति के बाद अधिकतर केन्द्रों के बाहर परीक्षार्थी एक-दूसरे से पेपर के बारे में चर्चा करते दिखाई दिए। घर पर भी अभिभावक अभ्यर्थियों से पेपर के विषय में पूछते नजर आए।


सेक्टर समीक्षा बैठक आयोजित
भाड़ौती. कस्बे में रविवार को बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक आयोजित हुई। मुख्य अतिथि जगदीश जाटव मुख्य जोन प्रभारी प्रदेश महासचिव थे। इस दौरान सभी सेक्टर के अध्यक्ष एवं भाड़ौती सेक्टर के सभी बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने के लिए कहा। बैठक में विशिष्ट अतिथि सीताराम मीणा टोंक सवाई माधोपुर लोकसभा प्रभारी एवं प्रमोद हाथी व जिला अध्यक्ष राजेश मीणा महासचिव बबलू जाटव सचिव जाकिर हुसैन कोषाध्यक्ष मुकेश वाल्मीकि विधानसभा अध्यक्ष बिंदु शाह एवं बसपा नेता हंसराज मीणा के सेक्टर अध्यक्ष रामखिलाड़ी आदि मौजूद थे।

Published on:
06 Aug 2018 01:19 pm
Also Read
View All